अभिनेता राघव जुयाल ने फिल्म प्रमोशन पर जयपुर में छात्रों संग लगाए ठुमके

 


जयपुर, 23 जुलाई (हि.स.)। आगामी 30 जुलाई को रिलीज होने जा रही फिल्म 'भाई तेरा स्टार है' के प्रमोशन के लिए अभिनेता राघव जुयाल, अभिनेता विकल्प मेहता, अभिनेत्री निहारिका और निर्माता सुनील रुपानी गुरुवार को जगतपुरा स्थित स्वामी केशवानंद इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एसकेआईटी) पहुंचे। फिल्मी सितारों की मौजूदगी से कॉलेज परिसर में उत्साह का माहौल रहा और छात्रों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

कार्यक्रम के दौरान राघव जुयाल ने जयपुर से अपने विशेष लगाव का जिक्र करते हुए कहा, जयपुर से मेरा अलग ही कनेक्शन है। एक्टिंग का मेरा पहला आईफा अवॉर्ड भी मुझे यहीं मिला था। यहां के लड़के-लड़कियों का एनर्जी लेवल नेक्स्ट लेवल है। आज तक जितने कॉलेज विजिट किए, उनमें एसकेआईटी सबसे बेहतरीन लगा।

ऑडिटोरियम में छात्रों के बीच पहुंचे राघव ने उनसे खुलकर बातचीत की, सेल्फी ली और उनके साथ हंसी-मजाक किया। छात्रों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से प्रभावित होकर वह स्वयं मंच पर पहुंचे और उनके साथ डांस किया। इस दौरान उन्होंने छात्रों की सराहना करते हुए कहा, आप लोग रियल डांसर हो।

राघव ने छात्रों से फिल्म देखने की अपील करते हुए घोषणा की कि जो विद्यार्थी फिल्म का फर्स्ट डे-फर्स्ट शो देखेंगे, उनकी सोशल मीडिया स्टोरी वह अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा करेंगे।

कार्यक्रम में अभिनेत्री निहारिका और निर्माता सुनील रुपानी ने भी विद्यार्थियों से संवाद किया और फिल्म से जुड़े अनुभव साझा किए। इस दौरान पूरा एसकेआईटी परिसर बॉलीवुड के रंग में रंगा नजर आया।

कॉलेज निदेशक जयपाल मील ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों को मनोरंजन के साथ फिल्म उद्योग से जुड़ने का अवसर भी प्रदान करते हैं। कार्यक्रम में प्रो. अंबर श्रीवास्तव, डॉ. नेहा पुरोहित, प्रो. प्रमोद जैन, डॉ. दीप्ति अरेला सहित अन्य फैकल्टी सदस्यों ने प्रमोशन टीम का गुलदस्ता एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर स्वागत किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश