केसर मिठाई शॉप पर कार्रवाई करते हुए 50 किलो संदिग्ध मिल्क केक सीज
जयपुर, 24 अगस्त (हि.स.)। रक्षाबंधन के मद्देनजर मिलावट के खिलाफ चलाए जा रहे ‘शुद्ध आहार–मिलावट पर वार’ अभियान के तहत जयपुर द्वितीय की खाद्य सुरक्षा टीम ने दुर्गापुरा स्थित मिठाई आउटलेट केसर पर कार्रवाई की। टीम ने यहां 50 किलो संदिग्ध मिल्क केक सीज किया, जबकि खराब हो चुका 35 किलो मावा मौके पर नष्ट करवाया गया। मावे को अलवर से मंगवाया गया था।
सीएमएचओ जयपुर द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि अतिरिक्त मुख्य सचिव गायत्री राठौड़ और आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण राजस्थान डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देश पर त्योहार के दौरान मिठाइयों और खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में टीम ने केसर के कारखाने का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डीप फ्रीज में रखा मावा चखने पर खट्टा पाया गया। इसी मावे से मिठाइयां तैयार की जानी थीं। मैनेजर ने भी मावा खराब होने की बात स्वीकार की। टीम ने मावे का नमूना लेने के बाद शेष करीब 35 किलो दूषित मावा नष्ट करवा दिया।
मिठाइयों के स्टोर की जांच के दौरान दो कार्टन में अखबार में लिपटे मिल्क केक के 20 पैकेट मिले। प्रत्येक पैकेट करीब 2.5 किलो का था। मैनेजर के अनुसार यह मिल्क केक त्योहार पर गिफ्ट पैकेट तैयार करने के लिए अलवर से मंगवाया गया था और इसकी कीमत 280 रुपए प्रति किलो थी। इसे मिल्क पाउडर, वनीला फ्लेवर, चीनी और दूध से तैयार होना बताया गया।
वहीं काउंटर पर उपलब्ध मिल्क केक की कीमत 620 रुपए प्रति किलो अंकित थी और उसे प्रतिष्ठान में तैयार किया गया बताया गया। खाद्य सुरक्षा टीम ने मिल्क केक का नमूना जांच के लिए लिया और शेष करीब 50 किलो मिल्क केक को जांच रिपोर्ट आने तक कोल्ड रूम में सीज कर दिया।
टीम ने केसर एक्सट्रैक्ट से तैयार की जा रही केसर काजू कतली का नमूना भी जांच के लिए लिया। मिठाइयां तैयार किए जाने वाले परिसर में अत्यधिक गंदगी मिली। इस पर फर्म को इंप्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुशील चोटवानी, राजेश नागर, केपी भारद्वाज और रिमिका माथुर शामिल रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश