अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ, एसीएस ने दिए सख्त निर्देश
जयपुर, 24 मार्च (हि.स.)। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव दिनेश कुमार ने कहा है कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर बैठे पात्र व्यक्ति तक तय समय सीमा में पहुंचाना ही विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
दिनेश कुमार ने मंगलवार को सचिवालय स्थित अपने कक्ष में पदभार ग्रहण करने के बाद पहली बार विभागीय अधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की और उनके प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं को तय समयावधि में पूर्ण किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी पात्र व्यक्ति को लाभ से वंचित न रहना पड़े।
उन्होंने कहा कि योजनाओं की पारदर्शिता और निगरानी पर विशेष ध्यान दिया जाए।
बैठक में निदेशक आशीष मोदी ने विभाग के स्कीमैटिक बजट, वर्ष 2024-25 से 2026-27 तक की बजट घोषणाओं, मुख्यमंत्री निर्देशों तथा केंद्र सरकार से प्राप्त बजट और उपयोगिता प्रमाण पत्र की जानकारी प्रस्तुत की।
बैठक में वित्तीय सलाहकार अंजू सिंह, अतिरिक्त निदेशक जेपी बैरवा, नसीम खान, रामेश्वर लाल परसोया, रीना शर्मा, सूंडाराम मीणा, अशोक जांगिड़ और अरविंद कुमार सैनी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित