बाल अभिरुचि शिविर में पहुंचे एडिशनल कमिश्नर ट्रैफिक योगेश दाधीच

 


जयपुर, 13 जून (हि.स.)। पिंक सिटी प्रेस क्लब की ओर से आयोजित बाल अभिरुचि शिविर में शनिवार को जयपुर पुलिस के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (यातायात) योगेश दाधीच ने शिरकत कर बच्चों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बच्चों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।

शिविर के दौरान योगेश दाधीच ने बच्चों से संवाद किया और सड़क सुरक्षा, ट्रैफिक नियमों तथा भविष्य में करियर निर्माण से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक यातायात नियमों और अपने भविष्य को लेकर सवाल पूछे, जिनका उन्होंने सरल और रोचक तरीके से जवाब दिया।

उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। बचपन से ही यातायात नियमों की जानकारी और उनका पालन करने की आदत विकसित करने से सुरक्षित समाज का निर्माण संभव है।

इस अवसर पर पिंकसिटी प्रेस क्लब के अध्यक्ष मुकेश मीना, महासचिव राजकुमार शर्मा, उपाध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह राजावत, शिविर संयोजिका अनिता शर्मा तथा प्रबंध कार्यकारिणी के सदस्यों ने अतिरिक्त पुलिस आयुक्त योगेश दाधीच का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

कार्यक्रम में प्रेस क्लब के पूर्व उपाध्यक्ष विमल सिंह तंवर, हेमंत थपलियाल, नृत्य गुरु पंडित राजेंद्र राव, राजेंद्र शर्मा (राजू) सहित बड़ी संख्या में पत्रकार, उनके परिजन एवं शिविर में भाग ले रहे बच्चे उपस्थित रहे।

शिविर में बच्चों ने न केवल यातायात नियमों की उपयोगी जानकारी प्राप्त की, बल्कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारी से सीधे संवाद कर अपने ज्ञान का भी विस्तार किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश