एसीबी मुख्यालय में डीजीपी डिस्क और पदकों से सम्मानित होंगे अधिकारी-कर्मचारी
जयपुर, 14 अगस्त (हि.स.)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) जयपुर मुख्यालय में 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमामय एवं हर्षोल्लास पूर्ण वातावरण में मनाया जाएगा। इस अवसर पर ध्वजारोहण, सलामी गार्ड का निरीक्षण, स्वतंत्रता दिवस संदेश तथा उत्कृष्ट सेवाओं के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सम्मान सहित विभिन्न कार्यक्रम होंगे।
एसीबी मुख्यालय में तैनात सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सुबह 8 बजे निर्धारित गणवेश में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिसकर्मी सेरेमोनियल ड्रेस और अन्य अधिकारी-कर्मचारी फॉर्मल ड्रेस में समारोह में शामिल होंगे।
इस कार्यक्रम के अनुसार एसीबी महानिदेशक गोविंद गुप्ता सुबह 8:29 बजे समारोह स्थल पर पहुंचेंगे। इसके एक मिनट बाद 8:30 बजे राष्ट्रगीत, ध्वजारोहण और राष्ट्रगान होगा। सुबह 8:35 बजे महानिदेशक सलामी गार्ड का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद 8:37 बजे स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उद्बोधन एवं संदेश दिया जाएगा। इसके बाद सुबह 8:40 बजे डीजीपी डिस्क एवं पदक वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाएं देने वाले एसीबी अधिकारियों और कर्मचारियों को डीजीपी डिस्क तथा पदक प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। समारोह के समापन के बाद सुबह 9 बजे जलपान (हाई टी) का आयोजन होगा। एसीबी मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अधिकारियों-कर्मचारियों में समारोह को लेकर उत्साह है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश