एबीवीपी के उजास सप्ताह के अंतर्गत दौड़ प्रतियोगिता आयोजित

 


जोधपुर, 11 जुलाई (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, जोधपुर महानगर विभाग की जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय इकाई द्वारा राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस एवं अभाविप के 78वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित उजास सप्ताह के अंतर्गत आज पगडंडी 1600 मीटर दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में अभाविप के प्रांत संगठन मंत्री रोहित चतुर्वेदी मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि विद्यार्थी परिषद केवल एक छात्र संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्र पुनर्निर्माण का सशक्त आंदोलन है। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि आज का विद्यार्थी कल के भारत का नहीं आज के भारत का नेतृत्व करेगा, इसलिए प्रत्येक विद्यार्थी को स्वस्थ शरीर, सशक्त चरित्र और राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ समाज जीवन में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

इस अवसर पर जोधपुर डिफेंस एकेडमी के कोच घेवर सिंह ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नियमित अभ्यास, अनुशासन एवं दृढ़ संकल्प के महत्व पर प्रकाश डाला तथा युवाओं को खेलों के माध्यम से व्यक्तित्व विकास के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय छात्रा सह प्रमुख डॉ. कंचन चारण, जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय इकाई अध्यक्ष नवल सिंह राठौड़, महानगर सह मंत्री संजय परिहार प्रांत कार्यसमिति रघुवीर सिंह बेलवा एवं नगर अध्यक्ष शक्तिराज की गउपस्थिति रही। कार्यक्रम के अंत में इकाई अध्यक्ष नवल सिंह राठौड़ ने आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश