छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर कॉलेज गेट पर तालाबंदी
डूंगरपुर, 07 अगस्त (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की डूंगरपुर जिला इकाई ने छात्रहितों और उच्च शिक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर शुक्रवार को श्री भोगीलाल पंड्या राजकीय महाविद्यालय के मुख्य द्वार पर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कॉलेज के मुख्य द्वार पर तालाबंदी कर राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और उच्च शिक्षा मंत्री प्रेमचंद बैरवा के नाम कॉलेज प्राचार्य को पांच सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा।
एबीवीपी के कॉलेज इकाई अध्यक्ष पंकज कलासुआ ने कहा कि प्रदेश में छात्र नेतृत्व को प्रोत्साहन देने तथा विश्वविद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण के लिए छात्रसंघ चुनाव आवश्यक हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उच्च शिक्षा व्यवस्था प्रशासनिक और संरचनात्मक चुनौतियों से जूझ रही है, जिससे विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
ज्ञापन में परिषद ने प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव शीघ्र कराने, सभी विश्वविद्यालयों के लिए समान एवं पारदर्शी अकादमिक कैलेंडर लागू करने, रिक्त शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक पदों पर नियमित नियुक्तियां करने, सभी राजकीय महाविद्यालयों में स्थायी प्राचार्यों की नियुक्ति सुनिश्चित करने तथा राज्य के सभी विश्वविद्यालयों में राजस्थानी भाषा के स्वतंत्र विभाग स्थापित करने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान एबीवीपी के विभिन्न पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष