जयपुर में शैक्षिक महासंघ की बैठक, प्रदेश सम्मेलन की तैयारियों पर हुई चर्चा
जयपुर, 27 सितंबर (हि.स.)। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ राजस्थान (विद्यालय शिक्षा) के जयपुर संभाग की बैठक रविवार को सरदार पटेल मार्ग स्थित प्रदेश कार्यालय में हुई। बैठक में आगामी प्रदेश स्तरीय शैक्षिक सम्मेलन की तैयारियों और शिक्षकों की लंबित समस्याओं पर चर्चा की गई। सदस्यों ने सर्वसम्मति से सम्मेलन के लिए जयपुर के आदर्श नगर स्थित सूरज मैदान को आयोजन स्थल तय किया।
प्रदेश महामंत्री महेंद्र कुमार लखारा के सानिध्य और जयपुर संभाग के उपाध्यक्ष अर्जुन सिंह जाट की अध्यक्षता में हुई बैठक में सम्मेलन की व्यवस्थाओं के लिए अलग-अलग प्रभारियों की नियुक्ति और टोली गठन पर चर्चा हुई। आवास, टेंट, भोजन, पेयजल, यातायात और सुरक्षा सहित अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी तय करने का निर्णय लिया गया।सम्मेलन की तैयारियों को गति देने के लिए 4 अक्टूबर को जयपुर संभाग के जिलों, 5 अक्टूबर को संभाग के सभी खंडों और 11 अक्टूबर को पुनः जयपुर संभाग की बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इन बैठकों में रसीद पुस्तिकाओं के वितरण सहित सम्मेलन से जुड़ी व्यवस्थाओं को आगे बढ़ाया जाएगा।प्रदेश संगठन मंत्री उमराव लाल वर्मा ने कहा कि प्रदेश की राजधानी में होने वाला सम्मेलन संगठन के लिए महत्वपूर्ण अवसर है और सभी कार्यकर्ताओं को इसके आयोजन में सक्रिय भूमिका निभानी होगी।बैठक के दूसरे सत्र में शिक्षकों की विभिन्न लंबित समस्याओं पर चर्चा हुई। अतिरिक्त महामंत्री बसंत जिंदल ने पीएल सरेंडर के भुगतान में विलंब, प्रतियोगी परीक्षाओं के बकाया मानदेय, विद्यालयों में पद आवंटन नहीं होने से वेतन संबंधी समस्या तथा महात्मा गांधी विद्यालयों में वेतन आहरण से जुड़ी परेशानियों का मुद्दा उठाया।बैठक में शिक्षकों की पदोन्नति प्रक्रिया में तेजी लाने, तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण शीघ्र शुरू करने तथा पदोन्नत प्रधानाचार्य और उप-प्रधानाचार्यों के हितों को ध्यान में रखते हुए न्यायालय के आदेशों के अनुरूप पदस्थापन करने की मांग भी उठाई गई।प्रदेश महामंत्री महेंद्र कुमार लखारा ने कहा कि संगठन शिक्षक हित से जुड़े विषयों के समाधान के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। प्रदेश मंत्री एवं संभाग पालक गीता जैलिया ने कार्यकर्ताओं से सम्मेलन की तैयारियों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। प्रदेश कोषाध्यक्ष कैलाश कच्छवा और प्रदेश संयुक्त मंत्री मेघराज शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।बैठक में प्रदेश अतिरिक्त महामंत्री बसंत जिंदल, प्रदेश संयुक्त मंत्री देवेंद्र शर्मा, प्रदेश कार्यकारिणी एवं विभिन्न प्रकोष्ठों के सदस्य तथा जयपुर संभाग के विभिन्न जिलों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक का समापन कल्याण मंत्र के साथ हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित