डूंगरपुर में रविवार को निकलेगा अभ्युदय त्रिवेणी संगम पथ संचलन
डूंगरपुर, 24 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 101 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर डूंगरपुर शहर में रविवार को अभ्युदय त्रिवेणी संगम पथ संचलन का आयोजन होगा। विजयादशमी उत्सव के तहत होने वाले इस विशेष आयोजन में शहर के स्वयंसेवक तीन अलग-अलग धाराओं में गणवेश के साथ कदमताल करते हुए निर्धारित मार्गों से गुजरेंगे। दोपहर 3:51 बजे तहसील चौराहे पर तीनों धाराओं का सामूहिक संगम होगा। इसके बाद सभी स्वयंसेवक संयुक्त रूप से पथ संचलन करते हुए लक्ष्मण मैदान पहुंचेंगे, जहां शस्त्र पूजन और बौद्धिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिले में पहली बार तीन धाराओं में पथ संचलन और उनके एक साथ संगम का यह आयोजन आकर्षण का केंद्र रहेगा।
संघ की ओर से आयोजन को लेकर मार्ग निर्धारण, स्वयंसेवकों की भागीदारी और कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया है। पथ संचलन के दौरान घोष दल की प्रस्तुति, स्वयंसेवकों की अनुशासित कदमताल और विभिन्न स्थानों पर होने वाला पुष्पवर्षा से स्वागत शहर में उत्सवी माहौल बनाएगा।
अभ्युदय त्रिवेणी संगम पथ संचलन के लिए स्वयंसेवकों को तीन धाराओं में विभाजित किया गया है। पहली धारा दोपहर 2 बजे शास्त्री कॉलोनी स्थित संकटमोचन हनुमान मंदिर से रवाना होगी। दूसरी धारा नवा महादेव मंदिर परिसर से तथा तीसरी धारा कुबेर कुंदन विहार कॉलोनी क्षेत्र से संचलन शुरू करेगी। तीनों धाराएं अपने निर्धारित मार्गों से गुजरते हुए तहसील चौराहे पर एकत्रित होंगी। दोपहर 3:51 बजे तहसील चौराहे पर तीनों धाराओं का सामूहिक संगम होगा। इसके बाद संयुक्त पथ संचलन गेपसागर की पाल, पुराना अस्पताल, माणक चौक, घाटी जैन मंदिर, हड़मतपोल, वखारिया चौक, कानेरा पोल, मोची बाजार और नगर परिषद होते हुए लक्ष्मण मैदान पहुंचेगा।
पथ संचलन के दौरान घोष दल की प्रस्तुति विशेष आकर्षण रहेगी। शहर के विभिन्न स्थानों पर समाज की ओर से स्वयंसेवकों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया जाएगा। गणवेश में एक साथ कदमताल करते स्वयंसेवक अनुशासन, संगठन और सामूहिकता का संदेश देंगे। संघ की ओर से इस आयोजन के माध्यम से मातृभूमि के प्रति समर्पण, सामाजिक एकता और संगठनात्मक भावना को प्रमुखता से प्रस्तुत किया जाएगा।
पथ संचलन का समापन लक्ष्मण मैदान में होगा। यहां विजयादशमी उत्सव के तहत शस्त्र पूजन और बौद्धिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में बाहर से आए प्रवासी कार्यकर्ता का बौद्धिक उद्बोधन होगा। इसमें स्वयंसेवकों के साथ शहरवासी भी शामिल होंगे। कार्यक्रम के बाद स्वयंसेवकों के लिए जलपान की व्यवस्था रहेगी।
पहली धारा संकटमोचन हनुमान मंदिर से निकलेगी, इस धारा में राम बस्ती, विवेकानंद बस्ती, दयानंद बस्ती, गणेश बस्ती, महादेव बस्ती और पाल क्षेत्र से जुड़े स्वयंसेवक शामिल होंगे। इनमें शास्त्री कॉलोनी, तिलक नगर, भुवनेश्वर कॉलोनी, हरिओम नगर, गणेश नगर, औद्योगिक क्षेत्र, एकलव्य नगर, कुबेर हाइट, देवभूमि, कृष्णभूमि, शिव कॉलोनी, आरएनटी कॉलोनी, पत्रकार कॉलोनी, हाउसिंग बोर्ड, शिवाजी नगर, गोकुलपुरा, बिलड़ी, तिजवड़, सियालदरी, मांडवा खापरड़ा और माथुगामड़ा खास सहित विभिन्न क्षेत्र शामिल हैं।
दूसरी धारा नवा महादेव मंदिर से निकलेगी, इस धारा में केशव बस्ती, माधव बस्ती, मधुकर बस्ती और बिरसा मुंडा बस्ती सहित संबंधित क्षेत्रों के स्वयंसेवक भाग लेंगे। अशोक नगर, बालाजी नगर, लक्ष्मी नगर, जय हिंद नगर, ब्रह्मस्थली कॉलोनी, सेक्टर 8 व 9, ग्रीन पार्क, सुभाष नगर, इंदिरा कॉलोनी, स्पोर्ट्स कॉलोनी, प्रताप नगर, प्रगति नगर, गांधी आश्रम, साबेला बाइपास, नई बस्ती, सिंधी कॉलोनी, आजाद नगर, आदर्श नगर, पुलिस लाइन और नागेंद्र कॉलोनी सहित विभिन्न इलाकों के स्वयंसेवक इसमें शामिल होंगे। इसके अलावा विजयगंज कॉलोनी, तहसील चौराहा, फतेहगढ़ी, फतेहपुरा, ददोड़िया, रेलवे, राजपुर, इंद्रखेत, मझोला, रामपुर और सतीरामपुर क्षेत्र के स्वयंसेवक भी भाग लेंगे।
वहीं, तीसरी धारा कुबेर कुंदन विहार से निकलेगी, इस धारा में शिवाजी बस्ती, आजाद बस्ती, कालीबाई बस्ती और अहिल्याबाई बस्ती के स्वयंसेवक शामिल होंगे। तहसील चौराहे से अंदर का क्षेत्र, सिंटेक्स चौराहे तक का हिस्सा, बोरी, खेरी, थाना, घुघरा, सुरपुर, सुंदरपुर और ग्रामीण क्षेत्रों के स्वयंसेवक भी इस धारा का हिस्सा बनेंगे। तीनों धाराओं के एक साथ मिलने के बाद लक्ष्मण मैदान तक होने वाला संयुक्त पथ संचलन आयोजन का मुख्य आकर्षण रहेगा। संघ की ओर से इसे अनुशासन, सामाजिक समरसता और संगठन की एकजुटता प्रदर्शित करने का अवसर बताया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष