अभय जैन ग्रंथालय में आरएसएस पदाधिकारियों का भ्रमण
बीकानेर, 06 अप्रैल (हि.स.)। बीकानेर संभाग मुख्यालय स्थित अभय जैन ग्रंथालय में सोमवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारकों एवं पदाधिकारियों ने भ्रमण किया। इस दौरान ग्रंथालय में संरक्षित दुर्लभ पांडुलिपियों एवं ‘ज्ञान भारतम् मिशन’ के अंतर्गत चल रहे डिजिटलीकरण कार्यों की जानकारी दी गई।
ग्रंथालय के निदेशक ऋषभ नाहटा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए पांडुलिपियों के संरक्षण, सूचीकरण एवं डिजिटलीकरण की प्रक्रिया से अवगत कराया। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित संघ के वरिष्ठ प्रचारक एवं हिंदू जागरण मंच के अखिल भारतीय सह-संगठक कमलेश सिंह ने ग्रंथालय को भारतीय ज्ञान परंपरा की अमूल्य धरोहर बताया। उन्होंने कहा कि यहां संरक्षित पांडुलिपियां आने वाली पीढ़ियों के लिए महत्वपूर्ण विरासत हैं और इनके संरक्षण के प्रयास सराहनीय हैं। उन्होंने ग्रंथालय द्वारा किए जा रहे डिजिटलीकरण कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर अनुकरणीय बताया।
इस अवसर पर मोहित बिस्सा ने ‘ज्ञान भारतम् मिशन’ के तहत संचालित कार्यों एवं मेगा सर्वे की जानकारी दी, जबकि लव कुमार देराश्री ने पांडुलिपि संरक्षण एवं सूचीकरण की प्रक्रिया पर प्रकाश डाला। नवरत्न चोपड़ा ने अतिथियों को ग्रंथालय का अवलोकन करवाया। कार्यक्रम में विवेकानंद, सुभाष शर्मा, शेर सिंह, गजेंद्र सिंह, करणी सिंह, टेकचंद बरड़िया, विनायक, किशोर बांठिया, समाजसेवी एवं उद्योगपति गणेश बोथरा, राजेश चूरू तथा भंवर पुरोहित सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव