मोहम्मद कलीम बने आम आदमी पार्टी के जयपुर जिलाध्यक्ष

 


जयपुर, 15 नवंबर (हि.स.)। आम आदमी पार्टी राजस्थान में संगठन विस्तार के तहत मोहम्मद कलीम ने जयपुर जिलाध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया। पार्टी के प्रदेश प्रभारी विश्वेन्द्र सिंह ने उन्हें विधिवत रूप से पदभार ग्रहण करवाया। इस अवसर पर कलीम के साथ 51 नए सदस्यों ने भी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

जयपुर स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों एवं वार्डों के पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रदेश महासचिव विश्वेन्द्र सिंह ने नए सदस्यों को पार्टी की सदस्यता दिलाई। कार्यक्रम में संगीता गोड, प्रदेश मीडिया प्रभारी डॉ. सुनील धायल, नानाग राम, हीरालाल खैरा, अमित दाधीच, पीयूष गौतम सहित अन्य पदाधिकारियों ने भाग लिया।

इस दौरान वरिष्ठ नेताओं ने मोहम्मद कलीम को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी और पार्टी में शामिल हुए सभी 51 नए सदस्यों का स्वागत किया।

मोहम्मद कलीम ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि वे जयपुर में संगठन को मजबूत बनाने, अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने और आमजन की समस्याओं एवं जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। इस कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने तथा पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश