आदिवासी उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए ‘आदि बाजार’ शुरू

 




जयपुर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। जनजातीय उद्यमिता, शिल्प, संस्कृति, व्यंजन, वाणिज्य और आजीविका को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मंगलवार को सी-स्कीम स्थित केके स्क्वायर मॉल में ‘आदि बाजार’ का शुभारंभ हुआ। भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय के अंतर्गत भारतीय जनजाति सहकारी विपणन विकास संघ मर्यादित (ट्राइफेड) की ओर से आयोजित यह बाजार 13 से 20 अक्टूबर तक चलेगा।

राजस्थान उच्च न्यायालय बार एसोसिएशन के महासचिव दीपेश शर्मा ने फीता काटकर बाजार का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि ‘लोकल फॉर वोकल’ और वन धन योजना के माध्यम से जनजातीय समुदाय को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। आदि बाजार के आयोजन से आदिवासी समुदाय के लोगों को अपने वन धन और अन्य जनजातीय उत्पादों के प्रदर्शन एवं बिक्री के लिए मंच मिलेगा।

ट्राइफेड की क्षेत्रीय प्रबंधक मोनिका चौधरी ने बताया कि आदि बाजार का मुख्य उद्देश्य जनजातीय समुदाय के कारीगरों और शिल्पियों को उनके उत्पादों के विपणन के लिए अवसर उपलब्ध कराना है। इससे उन्हें अपने उत्पाद सीधे बाजार तक पहुंचाने और आजीविका के साधन मजबूत करने में मदद मिलेगी। आयोजन के माध्यम से जनजातीय कला, शिल्प और संस्कृति को भी प्रोत्साहन दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश