आयुर्वेद विवि में बिजली बचत की अनूठी पहल
जोधपुर, 20 अगस्त (हि.स.)। डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन् राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर वैद्य गोविन्द सहाय शुक्ल के मार्गदर्शन में संघटक यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ़ होमियोपैथी जोधपुर में सभी विद्यार्थियों एवं संकाय सदस्यों के लिए विद्युत बचत: राष्ट्रीय हित की दिशा में हमारी सामूहिक जिम्मेदारी विषय पर व्याख्यान आयोजित किया गया।
व्याख्यान में प्रोफेसर डॉ. गौरी शर्मा कार्यवाहक प्राचार्य यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ़ होमियोपैथी जोधपुर एवं डॉ. राजीव खन्ना विभागाध्यक्ष फार्मेसी विभाग ने अपने विचार साझा किए। व्याख्यान में वर्तमान समय में बढ़ती विद्युत मांग, विद्युत उत्पादन एवं उपलब्ध संसाधनों पर बढ़ते दबाव तथा भविष्य में संभावित विद्युत संकट के संदर्भ में ऊर्जा संरक्षण की आवश्यकता पर चर्चा की गई।
यह समझाया गया कि बिजली की बचत केवल व्यक्तिगत स्तर पर आर्थिक बचत का माध्यम नहीं है, बल्कि यह राष्ट्र की ऊर्जा सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास से सीधे जुड़ा हुआ राष्ट्रीय दायित्व है। सभी से आह्वान किया गया कि अनावश्यक रूप से जलती लाइटें, पंखे, एसी, कंप्यूटर एवं अन्य विद्युत उपकरण बंद रखें तथा अपने दैनिक जीवन में बिजली बचाए-भविष्य बचाए की भावना को अपनाए।
यह संदेश दिया गया कि आज की छोटी-सी विद्युत बचत, आने वाले कल के बड़े ऊर्जा संकट को टालने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती है। विद्युत संरक्षण केवल किसी एक संस्था या व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश