सुरक्षा का संकल्प, विश्वास का बंधन: 50 हजार से अधिक महिलाओं तक पहुंची राजस्थान पुलिस
जयपुर, 24 जुलाई (हि.स.)। राजस्थान पुलिस का 'महिला सुरक्षा संकल्प' अभियान प्रदेशभर में महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों के बीच भरोसे का मजबूत माध्यम बनता जा रहा है। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देशन में अभियान के तीसरे सप्ताह में पुलिस टीमों ने 41,923 महिला श्रमिकों और 7,834 बुजुर्ग महिलाओं एवं अकेले रह रहे दंपत्तियों से सीधे संवाद कर उन्हें सुरक्षा, साइबर अपराध, महिला अधिकारों और हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी।
अभियान के तहत पुलिस ने कच्ची बस्तियों, ईंट-भट्टों, निर्माण स्थलों, कारखानों और प्रवासी श्रमिक बस्तियों तक पहुंचकर महिलाओं को जागरूक किया। महिला श्रमिकों से संवाद में भिवाड़ी (3,896), खैरथल-तिजारा (3,315), जयपुर वेस्ट (2,850), बीकानेर (2,712), चित्तौड़गढ़ (2,700), करौली (2,020) और अलवर (1,978) जिले अग्रणी रहे।
पुलिस ने 10,182 महिलाओं से स्लम क्षेत्रों, 7,349 से औद्योगिक इकाइयों, 4,622 से निर्माण स्थलों, 3,682 से ईंट-भट्टों, 3,890 प्रवासी महिला श्रमिकों तथा 12,198 अन्य सार्वजनिक व असंगठित क्षेत्रों में कार्यरत महिलाओं से संवाद स्थापित किया।
अभियान के तहत 7,834 बुजुर्ग महिलाओं और अकेले रह रहे दंपत्तियों के घर पहुंचकर पुलिस ने उनकी समस्याएं सुनीं और सुरक्षा संबंधी सुझाव दिए। इस श्रेणी में करौली (960), जोधपुर सिटी वेस्ट (580), सवाई माधोपुर (493), अजमेर (458) और बाड़मेर (320) जिले प्रमुख रहे।
संवाद के दौरान पुलिस ने महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को घर की सुरक्षा, घरेलू सहायकों व किरायेदारों का पुलिस सत्यापन, बैंकिंग और ओटीपी से जुड़ी सावधानियां, साइबर ठगी से बचाव तथा संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना देने के लिए जागरूक किया। साथ ही 112 (आपातकालीन), 1930 (साइबर हेल्पलाइन) और 1090 (महिला हेल्पलाइन) की जानकारी भी दी गई।
पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि राजस्थान पुलिस कानून व्यवस्था के साथ-साथ महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा, सम्मान और विश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। 'महिला सुरक्षा संकल्प' अभियान पुलिस और समाज के बीच विश्वास तथा जनसहभागिता को और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश