खास अंदाज में स्वर्णिम आभा सी दमक रही स्वर्ण नगरी जैसलमेर

 










जैसलमेर,24 अक्टूबर (हि.स.)। दीपोत्सव के पांच दिवसीय पर्व के दौरान स्वर्ण नगरी जैसलमेर स्वर्णिम आभा लिए दमकती नजर आ रही है। अपने पीत पाषणों की स्वर्णिम आभा के लिए विख्यात सोने का शहर जैसलमेर पांच दिवसीय पर्व के दौरान रात्रि में भी अपनी छटा बिखेर रही है। जैसलमेर में दीवाली पर शहर को चमकाने के लिए नगरपरिषद और जिला प्रशासन ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से वीसी में मिले निर्देशों में इस बार दीवाली को भव्य तरीके से मनाने की तैयारियां शुरू की थी। शहर के सभी चौराहे को रंगदार रोशनी से सजाया गया है। शहर को दुल्हन की तरह सजाया गया हैl

जैसलमेर नगर परिषद सभापति हरिवल्लभ कल्ला ने बताया कि शहर को दुल्हन की तरह सजाने की तैयारियों के सिलसिले में मुख्य सड़कों और चौराहों पर रंग-बिरंगी रोशनी की गयी है।

सभापति ने बताया कि शहर के मुख्य चौराहों को आकर्षक रोशनी से सजाने के लिए विशेष रूप से एलईडी लाइट का उपयोग किया गया है।इसके साथ ही सड़क के बीच में पीले पत्थरों के लगे पोल पर भी आकर्षक पीली लाइट लगाई है। उन्होंने बताया कि गड़ीसर चौराहे, एयर फोर्स चौराहे, जेएनवी कॉलोनी चौराहा, हनुमान चौराहा और विजय स्तम्भ चौराहे को सजाया है। इसके साथ ही शहर के अन्य चौराहों और मुख्य सड़कों को भी शानदार सजावट की है। रोशन हुए शहर के सोनार किले और गड़ीसर झील का सम्पूर्ण दृश्य मनमोहक नजर आ रहा हैं।

सभापति हरिवल्लभ कल्ला ने बताया कि दीपावली का त्योहार मनाने के साथ साथ आकर्षक रोशनी से सैलानियों का भी स्वागत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शहर में सैलानियों की आवक होने पर शहर में शाम को उनको गोल्डन सिटी जैसलमेर सबसे आकर्षक रूप में निखार उठी है। इस तरह हम सैलानियों का स्वागत भी सजावट के साथ करेंगे ताकि वे इस दीपावली को वे अपनी यादगार रूप से संजो सके।

हिन्दुस्थान समाचार/ चंद्रशेखर/संदीप