बीकानेर से 972 तीर्थयात्री रामेश्वरधाम के लिए हुए रवाना

 


बीकानेर, 13 अगस्त (हि.स.)। देवस्थान विभाग द्वारा संचालित वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के तहत बीकानेर से पहली ट्रेन गुरुवार को शाम 4:55 बजे बीकानेर रेलवे स्टेशन से रामेश्वरधाम के लिए रवाना हुई। ट्रेन में बीकानेर एवं चूरू जिले के कुल 972 तीर्थयात्री, 28 अनुरक्षक, एक ट्रेन प्रभारी, एक चिकित्सक तथा दो नर्सिंग स्टाफ सहित यात्रा पर रवाना हुए।

राज्य सरकार की यह तीर्थ यात्रा पूर्णतः निःशुल्क है। यात्रा के दौरान यात्रियों की सुविधा एवं स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए आवश्यक दवाइयों के साथ चिकित्सा सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी। यात्रियों को टिकट वितरण के लिए रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 6 के बाहर देवस्थान विभाग की ओर से टेंट लगाया गया।

निरीक्षक सोनिया रंगा ने बताया कि यात्रा व्यवस्था में देवस्थान विभाग के महेश शर्मा, किशोर शर्मा, राजेश दाधीच, राहुल कसेरा, अभिषेक श्रीमाली, गोपाल आचार्य, संदीप, मोहन, पुरुषोत्तम, राजेंद्र, लालचंद, अनुसुइया एवं सुमित सहित कार्मिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सहायक आयुक्त गौरव सोनी के निर्देशन में किया गया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि विधायक जेठानंद व्यास ने तीर्थ यात्रा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री का साधुवाद किया तथा सभी यात्रियों को सुखद एवं मंगलमय यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं। सुमन छाजेड़ ने भी रामेश्वरधाम के धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व की जानकारी दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव