रेलवे स्टेशन पर बिछड़ा 8 वर्षीय बालक सुरक्षित संरक्षण में लिया गया

 


काेटा, 22 फ़रवरी (हि.स.)। पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल अंतर्गत सवाई माधोपुर स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल द्वारा ‘ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते’ के तहत एक 8 वर्षीय नाबालिक बालक को सुरक्षित संरक्षण प्रदान कर चाइल्ड लाइन को सुपुर्द किया गया।

मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा के मार्गदर्शन में स्टेशन परिसरों एवं ट्रेनों में बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निरंतर सतर्क निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में ट्रेन संख्या 20452 के कोच संख्या एस/3 में ड्यूटी पर तैनात टिकट निरीक्षक अजय कुमार द्वारा सूचना दी गई कि एक नाबालिक बालक बिना टिकट यात्रा कर रहा है।

सूचना प्राप्त होते ही रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट सवाई माधोपुर के उपनिरीक्षक मनोज कुमार ने स्टाफ सहित ट्रेन के आगमन पर संबंधित कोच का निरीक्षण किया। बालक के कोच से उतर जाने की जानकारी मिलने पर प्लेटफॉर्म संख्या 02 पर फुट ओवर ब्रिज के नीचे उसे सुरक्षित ढूंढकर रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट लाया गया। पूछताछ में बालक ने अपना नाम शाकिब खान, उम्र लगभग 08 वर्ष, निवासी जिला मोतीहारी (बिहार) बताया। उसने बताया कि वह अपनी माता के साथ दिल्ली आया था तथा दिल्ली स्टेशन पर उनसे बिछड़ गया। रेलवे सुरक्षा बल द्वारा बालक को भोजन उपलब्ध कराया गया तथा चाइल्ड हेल्प लाइन 1098 पर सूचना दी गई। चाइल्ड लाइन सवाई माधोपुर के प्रतिनिधि कपिल स्वर्णकार एवं लोकेश बैरवा के उपस्थित होने पर बालक को उचित देखरेख एवं अग्रिम कार्यवाही हेतु सुपुर्दगी पत्र के माध्यम से सुरक्षित रूप से चाइल्ड लाइन को सौंप दिया गया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि ‘ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते’ के अंतर्गत स्टेशन परिसरों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है, जिससे लावारिस अथवा बिछड़े बच्चों को समय पर संरक्षण प्रदान किया जा सके। रेल प्रशासन यात्रियों से अपील करता है कि यात्रा के दौरान बच्चों पर विशेष ध्यान रखें तथा किसी भी असहाय या संदिग्ध स्थिति में पाए गए बालक की सूचना तत्काल रेलवे कर्मियों को दें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव