75 प्रतिशत से कम उपस्थिति पर विश्वविद्यालय की परीक्षा में नहीं बैठ सकेंगे विद्यार्थी
बीकानेर, 20 नवंबर (हि.स.)। महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों की नियमित कक्षाओं में उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए सख्ती शुरू कर दी है। विश्वविद्यालय परिसर में संचालित विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों के लिए अब कक्षाओं में 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य होगी। निर्धारित उपस्थिति पूरी नहीं करने वाले विद्यार्थियों को परीक्षाओं में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने शुक्रवार को परिसर में संचालित विधि, भूगोल, सूक्ष्मजीव विज्ञान, योग, राजस्थानी, ड्राइंग एंड पेंटिंग, एमबीए तथा वाणिज्य एवं प्रबंधन विभागों की कक्षाओं का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों की उपस्थिति का जायजा लिया और कम उपस्थिति पर नाराजगी जताते हुए विभागाध्यक्षों एवं विभाग प्रभारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
कुलगुरु ने निर्देश दिए कि लगातार अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों के परिजनों को इसकी सूचना दी जाए। विद्यार्थियों को नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित होकर अध्ययन करने के लिए पाबंद किया जाए। इसके बावजूद लगातार अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। ऐसे विद्यार्थियों का नाम कक्षा से पृथक करने के साथ उन्हें परीक्षा में बैठने से भी वंचित किया जा सकता है।
उन्होंने नियमित एवं अतिथि शिक्षकों को भी विद्यार्थियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए सामूहिक प्रयास करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी प्रवेशित विद्यार्थियों की उपस्थिति की नियमित निगरानी करने और उन्हें कक्षाओं में आने के लिए प्रेरित करने को कहा।
मीडिया प्रभारी डॉ. उमेश शर्मा ने बताया कि कुलगुरु ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी स्थिति में 75 प्रतिशत से कम उपस्थिति वाले विद्यार्थियों को परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी। निर्धारित उपस्थिति पूरी करने की जिम्मेदारी संबंधित विद्यार्थी की होगी। कुलगुरु आगामी दिनों में भी विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों और कक्षाओं का आकस्मिक निरीक्षण करेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव