उदयपुर में 707 विकास कार्यों को मंजूरी, शीघ्र पूर्ण कराने का आश्वासन
जयपुर, 23 फ़रवरी (हि.स.)। जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने सोमवार को विधानसभा में कहा कि राज्य सरकार उदयपुर जिले तथा उदयपुर ग्रामीण क्षेत्र के सभी स्वीकृत विकास कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान राज्य सरकार द्वारा उदयपुर जिले में 14,320.68 लाख रुपये की लागत से कुल 707 कार्यों की प्रशासनिक स्वीकृति जारी की गई है।
इसी प्रकार उदयपुर जिले के उदयपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में 62 कार्यों को प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है, जिनमें से 35 कार्यों की वित्तीय स्वीकृति भी जारी की जा चुकी है। मंत्री प्रश्नकाल के दौरान विधायक फूल सिंह मीणा द्वारा पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे।
सदन में सड़क संबंधी समस्या उठाए जाने पर मंत्री ने आश्वासन दिया कि संबंधित सड़क का प्रस्ताव प्राप्त होते ही उसे स्वीकृत कर कार्य शीघ्र पूर्ण कराया जाएगा।
इससे पूर्व मूल प्रश्न के लिखित उत्तर में मंत्री ने जनवरी 2024 से दिसंबर 2025 तक स्वीकृत 707 कार्यों का विधानसभा क्षेत्रवार विवरण सदन के पटल पर रखा। उन्होंने बताया कि इनमें से 99 कार्य पूर्ण हो चुके हैं। शेष कार्यों में देरी के प्रमुख कारण निविदा प्रक्रिया में विलंब, भूमि विवाद तथा कार्यकारी एजेंसी स्तर पर प्रशासनिक अड़चनें हैं। पूर्ण हुए कार्यों का विवरण भी सदन में प्रस्तुत किया गया।
मंत्री ने बताया कि उदयपुर ग्रामीण क्षेत्र में वर्ष 2024 और 2025 के दौरान स्वीकृत 62 कार्यों में से 35 को वित्तीय स्वीकृति मिल चुकी है।
शेष 27 कार्यों की वित्तीय स्वीकृति कार्यकारी एजेंसी से तकनीकी स्वीकृति, सहभागिता राशि तथा प्रस्तावित स्थल के जियो टैग फोटो प्राप्त नहीं होने के कारण लंबित है। सभी 62 कार्यों का विस्तृत विवरण भी सदन के पटल पर रखा गया।
जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग द्वारा स्वीकृत इन कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ होने की उम्मीद जताई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित