डूंगरपुर में 23-24 दिसंबर को जुटेंगे प्रदेशभर के शिक्षक, 63वें राज्य स्तरीय शैक्षिक सम्मेलन की तैयारियां तेज
डूंगरपुर, 25 नवंबर (हि.स.)। वागड़ की धरती पर दिसंबर में प्रदेशभर के शिक्षकों का बड़ा जमावड़ा होगा। राजस्थान शिक्षक संघ का 63वां राज्य स्तरीय शैक्षिक सम्मेलन 23 और 24 दिसंबर को डूंगरपुर में आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन को व्यापक और सफल बनाने के लिए सीकर के शिक्षक भवन में आयोजित प्रांतीय कार्यकारिणी की बैठक में तैयारियों की रणनीति बनाई गई। बैठक में सदस्यता अभियान, शिक्षक समस्याओं और 12 दिसंबर को दिल्ली में होने वाली राष्ट्रीय कर्मचारी रैली को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। प्रांतीय अध्यक्ष उपेंद्र शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रदेशभर से पहुंचे जिलाध्यक्षों, जिला मंत्रियों और प्रांतीय पदाधिकारियों ने संगठन की आगामी गतिविधियों पर चर्चा की। शर्मा ने कहा कि शिक्षकों और कर्मचारियों को अपने अधिकारों एवं मांगों के लिए संगठित होकर लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करना होगा। उन्होंने सभी जिलों में वैचारिक एवं सांगठनिक कार्यशालाएं आयोजित करने और युवा शिक्षकों को संगठन से जोड़ने पर जोर दिया।
प्रांतीय महामंत्री विजय पोटलिया ने सम्मेलन का एजेंडा प्रस्तुत करते हुए बताया कि 23-24 दिसंबर को डूंगरपुर में 63वां राज्य स्तरीय शैक्षिक सम्मेलन होगा। उन्होंने जिलेवार जिम्मेदारियां और संख्याबल के लक्ष्य निर्धारित कर प्रदेशभर से अधिकाधिक शिक्षकों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। सम्मेलन संयोजक एवं प्रांतीय उपाध्यक्ष हेमंत कुमार खराड़ी तथा मेजबान जिलाध्यक्ष मणिलाल मालीवाड़ और जिला मंत्री धनराज खराड़ी ने तैयारियों की जानकारी देते हुए कहा कि वागड़ की ऐतिहासिक धरती पर होने वाले इस आयोजन को सफल बनाने के लिए अभी से प्रयास शुरू करने होंगे।
बैठक में 12 दिसंबर को अखिल भारतीय राज्य कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर दिल्ली में प्रस्तावित राष्ट्रीय रैली को सफल बनाने पर विशेष जोर दिया गया। प्रांतीय सभाध्यक्ष एवं अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ के प्रांतीय महामंत्री महावीर सिहाग ने इसे कर्मचारी हितों की आवाज बुलंद करने का महत्वपूर्ण अवसर बताया। उन्होंने प्रदेशभर के कर्मचारियों से बड़ी संख्या में रैली में शामिल होने की अपील की।
बैठक में शिक्षकों की लंबित समस्याओं और अधिकारों को लेकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया गया। प्रमुख मांगों में तृतीय श्रेणी सहित सभी शिक्षकों के लिए पारदर्शी स्थानांतरण नीति, नियमित पदोन्नति, पुरानी पेंशन योजना (OPS) की सुरक्षा, संविदा कार्मिकों का नियमितीकरण, वर्ष 2010 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को TET की अनिवार्यता से मुक्त रखना और आठवें वेतन आयोग की सिफारिशें समय पर लागू करना शामिल रहा। प्रांतीय पदाधिकारियों ने सार्वजनिक शिक्षा व्यवस्था में बढ़ते निजीकरण, सांप्रदायिकीकरण और केंद्रीकरण पर चिंता जताई। साथ ही शिक्षकों के रिक्त पदों, विद्यालयों की स्थिति और गैर-शैक्षणिक कार्यों के बढ़ते बोझ का मुद्दा उठाया।
प्रांतीय कोषाध्यक्ष राधेश्याम यादव और संघर्ष समिति संयोजक पोकरमल ने संगठन की आर्थिक मजबूती और संघर्ष समिति को सक्रिय करने की आवश्यकता बताई। प्रांतीय उपाध्यक्ष भंवरलाल कस्वां, अशोक लोदवाल, सुनीता सिहाग एवं हुकमाराम झोरड़ सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी विचार रखे। बैठक में सीकर जिलाध्यक्ष विनोद पुनियां, चूरू जिला मंत्री वेदपाल मलिक, गंगानगर जिला मंत्री मनोहर सिहाग, हनुमानगढ़ जिला मंत्री रामनिवास, कोटा जिलाध्यक्ष महेंद्र चौधरी, चित्तौड़गढ़ जिलाध्यक्ष जयपाल, बीकानेर जिला मंत्री अरुण गोदारा, बालोतरा जिला मंत्री दिलीप बीरड़ा, डीडवाना-कुचामन से मोहम्मद रऊफ और झुंझुनूं से रोहिताश सहित विभिन्न जिलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक के अंत में 12 दिसंबर की दिल्ली रैली और 23-24 दिसंबर के डूंगरपुर शैक्षिक सम्मेलन को व्यापक भागीदारी के साथ सफल बनाने का संकल्प लिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष