धूम्रपान करने पर दस दिन में 55 यात्रियों पर 11 हजार का जुर्माना
जोधपुर, 25 मई (हि.स.)। रेलवे प्लेटफॉर्म और ट्रेनों में धूम्रपान करने वालों पर उत्तर पश्चिम रेलवे ने सख्ती बढ़ा दी है। जोधपुर मंडल पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 15 से 24 मई तक 55 यात्रियों को पकडक़र उन पर करीब 11 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया।
जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि ट्रेन और यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए धूम्रपान पर रोक के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। चेतावनी के बावजूद धूम्रपान करते पाए गए यात्रियों पर कार्रवाई की गई। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने कहा कि अभियान के दौरान यात्रियों को बीड़ी-सिगरेट न पीने के लिए जागरूक भी किया जा रहा है। उन्होंने साफ किया है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और स्वच्छ व सुरक्षित यात्रा के लिए यात्री सहयोग करें।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश