दीपावली से पहले मिलावट पर वार: 520 किलो पनीर नष्ट सहित 6500 लीटर वनस्पति सीज
जयपुर, 16 अक्टूबर (हि.स.)। दीपावली के त्योहार पर खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। शुद्ध आहार–मिलावट पर वार अभियान के तहत राजापार्क स्थित हरियाणा डेयरी से 520 किलो संदिग्ध पनीर नष्ट कराया गया तो वहीं बस्सी स्थित श्री हरि एग्रो इंडस्ट्रीज से अशोका ब्रांड का करीब 6500 लीटर वनस्पति सीज किया गया। इसके अलावा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में दूध, पनीर, मिठाई, ब्रेड, नमकीन, तेल और सूखे मेवों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं।
सी एम एच ओ जयपुर द्वितीय डॉक्टर मनीष मित्तल ने बताया कि केंद्रीय खाद्य सुरक्षा टीम ने राजापार्क स्थित हरियाणा डेयरी की दो दुकानों पर जांच की। यहां 520 किलो पनीर मिला, जिसे प्रारंभिक जांच में संदिग्ध पाए जाने पर मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। पनीर की गुणवत्ता जांचने के लिए दो नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे गए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि डेयरी से जयपुर के कई बड़े होटलों और रेस्टोरेंट्स में भी पनीर की आपूर्ति की जाती थी। इसके बाद टीम विवेकानंद कॉलोनी स्थित गोदाम पहुंची, जहां बिना वैध खाद्य लाइसेंस के कारोबार किए जाने पर कार्रवाई की गई।
जयपुर द्वितीय की खाद्य सुरक्षा टीम ने बस्सी स्थित श्री हरि एग्रो इंडस्ट्रीज में जांच के दौरान अशोका ब्रांड वनस्पति के 15 लीटर क्षमता वाले 443 जार सीज किए। इनमें करीब 6500 लीटर वनस्पति था। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष मित्तल के अनुसार, जार पर लगे लेबल में मूंगफली, सोयाबीन, सरसों, सूरजमुखी, पाम और राइस ब्रान सहित विभिन्न खाद्य तेलों का उल्लेख था।
फैक्ट्री प्रबंधक प्रसाद ने टीम को बताया कि लेबल गलत लगा था और वनस्पति रिफाइंड पामोलीन, रिफाइंड पाम तथा सोयाबीन तेल से तैयार किया गया था। उनके अनुसार, इसमें मूंगफली, सूरजमुखी और राइस ब्रान तेल का इस्तेमाल नहीं हुआ था। जार पर 15 लीटर वनस्पति का अधिकतम खुदरा मूल्य 3600 रुपये यानी 240 रुपए प्रति लीटर अंकित था, जबकि प्रबंधक ने पाम तेल की कीमत 140 रुपए प्रति लीटर बताई। टीम ने वनस्पति के नमूने लेने के साथ खुले रिफाइंड सोयाबीन तेल का नमूना भी लिया। स्टॉक को अग्रिम आदेशों तक सीज कर दिया गया है।
खाद्य सुरक्षा टीम ने बस्सी स्थित रामेश्वर बूरा उद्योग से मिश्री, सीतापुरा स्थित तुलसी फूड्स से व्हाइट ब्रेड और बॉम्बे पाव ब्रेड, हीरावाला औद्योगिक क्षेत्र स्थित केसी एंड ब्रदर्स से नमकीन भुजिया और रिफाइंड पामोलीन तेल के नमूने लिए। झोटवाड़ा स्थित रॉ लॉ ड्राई फ्रूट्स से निर्जलित सूखे मेवे, नारियल पाउडर, बादाम और पिस्ता के नमूने लिए गए। वैशाली नगर स्थित बालाजी दूध पनीर भंडार से दूध, मिल्क केक और पनीर तथा मोती डूंगरी रोड स्थित बालाजी मिष्ठान भंडार से मावा मिठाई का नमूना लिया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, नमूनों की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट मिलने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। त्योहार के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जांच अभियान जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश