निर्मल मन फाउंडेशन के रक्तदान शिविर में 51 यूनिट रक्त संग्रहित

 


जयपुर, 26 जुलाई (हि.स.)। निर्मल मन फाउंडेशन के तत्वावधान में रविवार को गांधीनगर रेलवे स्टेशन के पास स्थित शिव शक्ति छात्रावास में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कुल 51 यूनिट रक्तदान किया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के उपाध्यक्ष राहुल सैनी और सचिव कविता झा ने दीप प्रज्वलित कर किया।

शिविर के मुख्य अतिथि भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप सारस्वत ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। उन्होंने निर्मल मन फाउंडेशन के सामाजिक सरोकारों की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता बताई।

विशिष्ट अतिथि तारा बेनीवाल ने कहा कि एक यूनिट रक्त कई लोगों का जीवन बचा सकता है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान करने और समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

रक्तदान शिविर का संयोजन संस्था के संयोजक अविरल राजपूत ने किया। उनके नेतृत्व में पूरी टीम ने व्यवस्थाओं का सफल संचालन किया। संस्था के अध्यक्ष कैलाश ओझा ने कहा कि रक्तदान महादान है और प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान करना चाहिए। उन्होंने बताया कि निर्मल मन फाउंडेशन शिक्षा, स्वास्थ्य, समाज सेवा और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यों के माध्यम से लगातार लोगों की सेवा कर रहा है।

संस्था के उपाध्यक्ष राहुल सैनी ने कहा कि युवाओं ने जिस उत्साह के साथ रक्तदान किया, वह समाज के लिए प्रेरणादायक है। रक्तदान किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का माध्यम है। वहीं सचिव कविता झा ने कहा कि समय पर उपलब्ध रक्त किसी मरीज के लिए जीवनदान साबित हो सकता है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से नियमित रक्तदान करने की अपील की।

कार्यक्रम में संस्था के कोषाध्यक्ष रोशन झा, जुगल सिंह जादौन सहित अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समाजसेवी मौजूद रहे। शिविर के अंत में रक्तदाताओं, अतिथियों और सहयोगियों का सम्मान कर उनका आभार व्यक्त किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश