501 कुंडीय संस्कार महायज्ञ में एक हजार विद्यार्थी बनेंगे यजमान
जयपुर, 29 अक्टूबर (हि.स.)। भारत विकास परिषद, उत्तर पूर्व प्रांत एवं आर्य युवा समाज के तत्वावधान में शुक्रवार को वैशाली नगर स्थित डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल में 501 कुंडीय संस्कार महायज्ञ एवं नशामुक्ति जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। शाम चार बजे से होने वाले इस आयोजन में एक हजार विद्यार्थी यजमान के रूप में भाग लेकर संस्कारित और नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेंगे।
वहीं इस कार्यक्रम में राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागड़े मुख्य अतिथि होंगे। भारत विकास परिषद के संगठन मंत्री विक्रांत खंडेलवाल मुख्य वक्ता के रूप में विचार रखेंगे। निरंजन अखाड़े के महामंडलेश्वर आचार्य नर्मदा शंकर का सानिध्य मिलेगा। इसके अलावा कार्यक्रम की अध्यक्षता भारत विकास परिषद, उत्तर पूर्व प्रांत के अध्यक्ष डॉ. श्याम सुंदर अग्रवाल करेंगे।
विशिष्ट अतिथियों में रूप लक्ष्मी कैसल ग्रुप के अध्यक्ष कैलाश चंद सैनी और डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल की प्रबंधक सरिता रंजन गौतम शामिल होंगे। स्वागत अध्यक्ष हरिशंकर बिलवाल और स्वागत सचिव कमल स्वामी होंगे। कार्यक्रम का संयोजन भारत विकास परिषद की चित्रकूट शाखा की अध्यक्ष डॉ. रीता भार्गव करेंगी।
भारत विकास परिषद के संगठन मंत्री विक्रांत खंडेलवाल ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों और समाज में भारतीय संस्कारों, नैतिक मूल्यों, अनुशासन तथा सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करना है। नशे की बढ़ती प्रवृत्ति को देखते हुए युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। नशा मुक्ति के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली संस्थाओं और व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा। इनमें ब्रह्माकुमारी संस्था, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और स्वामीनारायण मंदिर समिति सहित अन्य संस्थाओं को सम्मानित करने की योजना है।
साथ ही इस कार्यक्रम स्थल पर नशामुक्ति, संस्कार निर्माण, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी, सामाजिक समरसता, परिवार प्रबोधन और नागरिक कर्तव्यों से संबंधित प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसके माध्यम से विद्यार्थियों, अभिभावकों और आमजन को राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश