जयपुर सहित प्रदेशभर में 49 पुलिस अधिकारियों के तबादले
जयपुर, 10 जुलाई (हि.स.)। राजस्थान सरकार के गृह (ग्रुप-1) विभाग ने शुक्रवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) एवं समकक्ष स्तर के 49 अधिकारियों के तबादले और पदस्थापन के आदेश जारी किए। संयुक्त शासन सचिव मनीष गोयल द्वारा जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं। इस व्यापक फेरबदल में जयपुर और जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट सहित एएनटीएफ, एटीएस, एसओजी, साइबर क्राइम, सीआईडी-सीबी, राजस्थान पुलिस अकादमी, महिला अपराध अनुसंधान सेल और अभय कमांड एंड कंट्रोल सेंटर जैसी महत्वपूर्ण इकाइयों में नई नियुक्तियां की गई हैं।
जयपुर कमिश्नरेट में सबसे अहम बदलावों में आलोक कुमार सिंघल को अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (उत्तर-प्रथम), आलोक कुमार को अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (अपराध), मनराज मीणा को अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, महिला अपराध अनुसंधान सेल (पश्चिम), पारसमल जैन को अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पूर्व) तथा रजनीश पूनिया को अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (यातायात-पश्चिम) नियुक्त किया गया है। वहीं जयपुर यातायात में कार्यरत समीर कुमार दुबे को मुख्यमंत्री सतर्कता में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। नीरज पाठक को अतिरिक्त डीसीपी नॉर्थ से स्थानांतरित कर जयपुर ग्रामीण मुख्यालय का अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।
सरकार ने विजय सिंह को एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) जयपुर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया है। राजेश कुमार और सुभाष गोदारा को एसओजी जयपुर, ओमप्रकाश मीणा को एटीएस मुख्यालय जयपुर तथा निशांत भारद्वाज को एटीएस जोधपुर भेजा गया है। राजकमल मीणा को सीआईडी-सीबी होमिसाइड स्क्वॉड तथा सुरेश कुमारी को सीआईडी-सीबी शिकायत अनुभाग, जयपुर में पदस्थापित किया गया है।
जोधपुर कमिश्नरेट में प्रवीण कुमार को अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पश्चिम), नरेंद्र सिंह देवड़ा को अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पूर्व) तथा आनंद सिंह राजपुरोहित को अभय कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त बनाया गया है।
इसके अलावा सौरभ तिवाड़ी (बारां), नारायण लाल शर्मा (गंगापुर सिटी), ओमप्रकाश चौधरी (पाली), मुकुल शर्मा (उदयपुर ग्रामीण), गजेंद्र सिंह जोधा (चित्तौड़गढ़), राजेश आर्य (भीलवाड़ा), अंजुम कायल (शाहपुरा), जयदेव सियाग (प्रतापगढ़), वीरेंद्र सिंह राठौड़ (पोकरण), डॉ. प्रेरणा शेखावत (वैर, भरतपुर), सुरेश कुमार (उच्चैन, भरतपुर), हिम्मत सिंह (बौंली, सवाई माधोपुर), रजत विश्नोई (खेरवाड़ा), खान मोहम्मद (पुलिस परामर्श एवं सहायता केंद्र, अजमेर), कमल कुमार जांगिड़ (त्वरित अनुसंधान सेल, कोटा), उमा शर्मा (सीआईडी-सीबी रेंज सेल, कोटा), अमजद खान (पांचवीं बटालियन आरएसी, जयपुर) तथा देशराज यादव (केंद्रीय भंडार, पुलिस मुख्यालय) को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
इसके अलावा गृह विभाग ने 7 मई 2026 को जारी तबादला सूची में संशोधन करते हुए चांदमल का विभागीय जांच प्रकोष्ठ, पुलिस मुख्यालय जयपुर तथा राजेश कुमार गुप्ता का जयपुर कमिश्नरेट में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पूर्व) के पद पर किया गया स्थानांतरण निरस्त कर दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश