मुख्यमंत्री की प्रेरणा से 458वीं 'वृक्ष कथा' आयोजित
जयपुर, 21 सितंबर (हि.स.)। पत्रकार कॉलोनी मानसरोवर स्थित कनक वृंदा हाइट्स में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की प्रेरणा से 458वीं 'वृक्ष कथा' का भव्य आयोजन किया गया। आयोजन समिति ‘संवेदना एवं उदारता’ के सौजन्य से आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पर्यावरण प्रेमियों और स्थानीय निवासियों ने भाग लिया। इस दौरान वृक्षों के धार्मिक, वैज्ञानिक और पर्यावरणीय महत्व पर चर्चा करते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प दिलाया गया।
विश्व के प्रथम वृक्ष कथा वाचक डॉ. अशोक कुमार शर्मा ने कथा के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण की महत्ता को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल प्रकृति का अंग नहीं हैं, बल्कि मानव जीवन और भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का आधार हैं। इसलिए वृक्षों का संरक्षण हम सभी का नैतिक दायित्व है।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने पूरे विधि-विधान से वृक्ष पूजन और वृक्ष महाआरती की। इसके बाद उपस्थित नागरिकों ने 'एक-एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने' का संकल्प लिया। इस अवसर पर ‘वृक्ष ही जीवन है, वृक्ष लगाओ-जीवन बचाओ’ का संदेश प्रमुखता से दिया गया।
आयोजकों ने बताया कि वृक्ष कथा के जरिए धार्मिक व आध्यात्मिक चेतना को पर्यावरण से जोड़कर समाज में संवेदनशीलता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। इस 458वीं वृक्ष कथा का लाइव प्रसारण यूट्यूब और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी किया गया, जिससे देश-विदेश के श्रद्धालुओं ने जुड़कर पर्यावरण संरक्षण की अलख जगाई। अंत में स्थानीय नागरिकों ने पौधरोपण को जनअभियान बनाने का आह्वान किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश