400 छात्राओं को सड़क सुरक्षा और सीपीआर का दिया प्रशिक्षण

 


जयपुर, 12 अगस्त (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर लायंस क्लब जयपुर डायमंड की ओर से मंगलवार को हीरापुरा स्थित रावत कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 400 छात्राओं को सड़क सुरक्षा नियमों और दुर्घटना के दौरान जीवन बचाने की तकनीकों के बारे में जानकारी दी गई। वहीं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली कॉलेज की 25 प्रतिभावान छात्राओं को युवा सम्मान से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि लायंस इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3233 ईवन के प्रांतपाल एमजेएफ आशुतोष वशिष्ठ, विशिष्ट अतिथि रावत कॉलेज के चेयरमैन बीएस रावत, डायरेक्टर डॉ. कल्पना रावत तथा लायंस क्लब जयपुर डायमंड के जोन चेयरपर्सन दीपक शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद मुख्य अतिथि का माला पहनाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया।

एसएमएस अस्पताल ट्रॉमा सेंटर के सीनियर नर्सिंग ऑफिसर एवं दो बार राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित राज कुमार राजपाल ने छात्राओं को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी दी। उन्होंने दुर्घटना के दौरान गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की जान बचाने के लिए बेसिक लाइफ सपोर्ट (बीएलएस) और सीपीआर की तकनीक का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया। छात्राओं को आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने और प्राथमिक जीवन रक्षक उपायों के बारे में बताया गया।

कार्यक्रम के दूसरे चरण में अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली कॉलेज की 25 छात्राओं को ‘युवा सम्मान’ प्रदान किया गया।

इस अवसर पर लायंस क्लब जयपुर डायमंड की अध्यक्ष प्रीती सक्सैना, सचिव एमएम पालीवाल, कोषाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह, तेजेंद्र गर्ग, अतुल अहसास, विनय पाराशर, योगेश भारद्वाज, रजत शर्मा और अंजलि गहलोत सहित क्लब के सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर सुनील ब्योत्रा ने किया। उन्होंने लायंस क्लब की सामाजिक गतिविधियों और सड़क सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश