31 तोपों की गर्जना से गूंजेगी छोटी काशी: गोविंददेवजी में मध्यरात्रि कृष्ण जन्मोत्सव

 




जयपुर, 03 सितंबर (हि.स.)। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर छोटी काशी जयपुर में तैयारियां अंतिम दौर में हैं। 4 सितंबर को गोविंददेवजी मंदिर सहित शहर के प्रमुख कृष्ण मंदिरों में विशेष आयोजन होंगे। श्रद्धालुओं की सबसे अधिक भीड़ गोविंददेवजी मंदिर में उमड़ने की संभावना है। मंदिर में तड़के 4 बजे मंगला झांकी के पट खुलने के साथ ही दर्शन शुरू होंगे।

गोविंददेवजी मंदिर में 4 सितंबर को मंगला से शयन तक सात झांकियों में श्रद्धालुओं को ठाकुरजी के दर्शन होंगे। मंगला झांकी सुबह 4 से 6:30 बजे, धूप 7 से 9 बजे, शृंगार 9:30 से 11:15 बजे, राजभोग 11:45 से दोपहर 1:15 बजे, ग्वाल शाम 4 से 6:30 बजे, संध्या 6:45 से 8:30 बजे और शयन के दर्शन रात 9:15 से 10:30 बजे तक होंगे। रात 10 से 11 बजे तक जन्माष्टमी व्रत कथा का आयोजन होगा। रात 12 बजे श्रीकृष्ण जन्म के अवसर पर 31 तोपों की हवाई गर्जना और विशेष आतिशबाजी की जाएगी। इसके बाद ठाकुरजी का पंचामृत अभिषेक होगा।

मंदिर के मुख्य सेवादार मानस गोस्वामी ने बताया कि अभिषेक के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। पंचामृत अभिषेक में 425 लीटर दूध, 365 किलो दही, 11 किलो घी, 85 किलो बूरा और 11 किलो शहद का उपयोग किया जाएगा। तिथि पूजा और अभिषेक रात 12 से 12:30 बजे तक होगा। इसके बाद 5 सितंबर को रात 11 से 11:15 बजे मंगला आरती होगी। वहीं जन्माष्टमी के अगले दिन 5 सितंबर को शाम 4 बजे गोविंददेवजी मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह जलेब चौक, सिरहड्योढ़ी बाजार, बड़ी चौपड़, जौहरी बाजार, सांगानेरी गेट, बापू बाजार, न्यूगेट, चौड़ा रास्ता, त्रिपोलिया बाजार, छोटी चौपड़, चांदपोल बाजार और बगरू वालों के रास्ते से होते हुए मंदिर श्री गोपीनाथ पहुंचेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश