24 कुंडीय गायत्री महायज्ञ:गणेशजी और गोविंद देवजी को दिया पहला आमंत्रण

 


जयपुर, 23 सितंबर (हि.स.)। अखिल विश्व गायत्री परिवार, शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में गायत्री चेतना केंद्र, मुरलीपुरा की ओर से 25 से 27 दिसंबर तक ‘राष्ट्र-शौर्य-समृद्धि 24 कुंडीय गायत्री महायज्ञ एवं शिक्षक गरिमा सम्मेलन’ आयोजित किया जाएगा। आयोजन की सफलता के लिए बुधवार को प्रथम पूज्य गणेशजी, आराध्य देव श्री गोविंद देवजी और देवमाता का पूजन कर पहला आमंत्रण दिया गया।

बड़ी चौपड़ स्थित ध्वजाधीश गणेशजी मंदिर में महंत प्रदीप औदीच्य के सान्निध्य में पंडित आनंद मेहता ने विधि-विधान से पूजा कर पहला निमंत्रण पत्र सौंपा। इसके बाद श्री गोविंद देवजी मंदिर में महंत अंजन कुमार गोस्वामी महाराज के सान्निध्य में आराध्य देव को आमंत्रित किया गया। मंदिर सेवाधिकारी मानस गोस्वामी ने कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन किया। ब्रह्मपुरी स्थित गायत्री शक्तिपीठ में पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन संवर्धन परिषद के चेयरमैन राहुल द्विवेदी, गायत्री परिवार राजस्थान के मुख्य ट्रस्टी ओमप्रकाश अग्रवाल सहित पदाधिकारियों ने ‘प्रखर प्रज्ञा-सजल श्रद्धा’ समाधि स्थल पर पुष्प अर्पित कर आयोजन की सफलता की प्रार्थना की। मुरलीपुरा गायत्री चेतना केंद्र की मातृशक्ति ने भी पोस्टर विमोचन किया।

मुख्य ट्रस्टी ओमप्रकाश अग्रवाल ने बताया कि विद्याधर नगर विधानसभा क्षेत्र की 24 कॉलोनियों के निवासियों को अलग-अलग यज्ञ कुंडों से जोड़ा जाएगा। इसके लिए जनसंपर्क अभियान शुरू हो गया है। क्षेत्र के 24 विद्यालयों में नशामुक्ति कार्यक्रम भी होंगे और विद्यार्थी अभिभावकों के साथ महायज्ञ में आहुतियां देंगे।

आयोजन से पहले ‘वसुधा वंदन’ कार्यक्रम में जयपुर के 108 मंदिरों की रज और जल का वंदन किया जाएगा। महायज्ञ गायत्री परिवार की सह-संस्थापिका भगवती देवी शर्मा की जन्म शताब्दी और शांतिकुंज हरिद्वार में प्रज्वलित अखंड दीपक के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे शताब्दी वर्ष के द्वितीय चरण के तहत होगा। हाल ही शांतिकुंज से आई टोली और राजस्थान समन्वयक गौरीशंकर सैनी ने आयोजन स्थल का जायजा लेकर समीक्षा बैठक की, जिसमें शिक्षक-शिक्षिकाओं और उनके परिवारों की अधिकतम भागीदारी पर जोर दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश