विशेष यातायात अभियान में 2.12 लाख से अधिक चालान
जयपुर, 01 जुलाई (हि.स.)। राजस्थान पुलिस ने प्रदेशभर में 4 जून से 30 जून 2026 तक चलाए गए 27 दिवसीय विशेष यातायात प्रवर्तन अभियान में 2,12,313 यातायात नियम उल्लंघनों पर कार्रवाई की है। अभियान का उद्देश्य यातायात नियमों की सख्त पालना सुनिश्चित करना तथा संशोधित वाहनों, अवैध हूटर-फ्लैशर, काली फिल्म और नियम विरुद्ध नंबर प्लेट जैसे उल्लंघनों पर प्रभावी नियंत्रण करना था।
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (यातायात) डॉ. बी.एल. मीणा ने बताया कि अभियान के दौरान 24,107 वाहनों में अवैध संरचनात्मक परिवर्तन, 17,755 वाहनों में अनाधिकृत लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर, स्ट्रोब लाइट एवं हूटर, तथा 11,343 प्रेशर/एयर हॉर्न के मामलों में कार्रवाई की गई। इसी प्रकार 76,563 वाहनों से काली फिल्म हटाई गई, 29,902 वाहनों पर अनाधिकृत शब्द एवं चिन्ह हटवाए गए तथा 52,643 वाहनों पर नियम विरुद्ध नंबर प्लेट पाए जाने पर कार्रवाई की गई।
अभियान के अंतिम दिन 30 जून को प्रदेशभर में 11,388 चालान किए गए, जिनमें 3,910 काली फिल्म, 2,625 नंबर प्लेट, 1,543 संरचनात्मक परिवर्तन, 1,144 हूटर-फ्लैशर और 562 प्रेशर हॉर्न के मामले शामिल रहे।
जिलावार कार्रवाई में अजमेर 1,098 मामलों के साथ शीर्ष पर रहा। जयपुर पश्चिम में 1,084, जयपुर पूर्व में 820, जयपुर ग्रामीण में 551, जयपुर यातायात में 227, जबकि अन्य क्षेत्रों में भी सख्त कार्रवाई दर्ज की गई। प्रमुख जिलों में चित्तौड़गढ़ 433, झुंझुनूं 409, कोटपुतली-बहरोड़ 358, जालोर 351, कोटा शहर 316, सवाई माधोपुर 283, दौसा 278, सलूम्बर 251 और धौलपुर में 225 मामलों में कार्रवाई हुई।
पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि अभियान समाप्त होने के बावजूद सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के उल्लंघन पर “जीरो टॉलरेंस” की नीति आगे भी सख्ती से जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश