21 अक्टूबर को मनाया जाएगा पुलिस शहीद दिवस
जयपुर, 19 अक्टूबर (हि.स.)। कर्तव्य निर्वहन के दौरान प्राण न्योछावर करने वाले पुलिसकर्मियों की स्मृति में 21 अक्टूबर को पुलिस शहीद दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर जयपुर स्थित राजस्थान पुलिस अकादमी (आरपीए) के शहीद स्मारक और त्रिमूर्ति सर्किल स्थित पुलिस स्मारक पर मुख्य समारोह होंगे। प्रदेशभर के जिला मुख्यालयों पर भी शहीदों को श्रद्धांजलि दी जाएगी।
पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि इस वर्ष 1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 तक देश और समाज की रक्षा करते हुए शहीद हुए पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। पुलिस शहीद दिवस 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के दुर्गम क्षेत्र में मातृभूमि की रक्षा करते हुए शहीद हुए भारतीय पुलिस के जवानों के बलिदान की स्मृति में मनाया जाता है।
जयपुर में सुबह 8 बजे आरपीए के शहीद स्मारक पर मुख्य समारोह होगा। डीजीपी शर्मा गार्ड ऑफ ऑनर के साथ शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और संबोधित करेंगे। परेड में जयपुर आयुक्तालय, चतुर्थ बटालियन और पांचवीं बटालियन आरएसी की एक-एक प्लाटून शामिल होगी। समारोह में सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी, संयुक्त निदेशक आईबी, पुलिस अधीक्षक एनआईए और जयपुर के आईपीएस व आरपीएस अधिकारी शामिल होंगे। इसके बाद जवाहरलाल नेहरू मार्ग स्थित त्रिमूर्ति सर्किल के पुलिस स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी जाएगी।
प्रदेशभर में होंगे सेवा कार्य
समारोह के बाद आरपीए और जिला पुलिस लाइनों में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। पुलिस कार्यालयों में साफ-सफाई और पुलिस लाइनों में वृक्षारोपण किया जाएगा। जयपुर जिले में शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों से पौधारोपण करवाकर पौधे पर शहीद के नाम की तख्ती लगाई जाएगी।
प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर पुलिस लाइन या शहीद स्मारक में कार्यक्रम होंगे। रेंज मुख्यालयों पर संबंधित आईजी या डीआईजी और अन्य जिला मुख्यालयों पर पुलिस अधीक्षक सलामी देंगे। कार्यक्रमों में आरएसी, प्रशिक्षण केंद्रों, जोन कार्यालयों और अन्य पुलिस इकाइयों के जवान शामिल होंगे। संबंधित जिलों के शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को भी आमंत्रित किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश