राजस्थान दिवस पर 207 नई बसों को हरी झंडी, 700 महिलाओं को हेलमेट वितरण
जयपुर, 19 मार्च (हि.स.)। राजस्थान दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को अजमेर रोड स्थित बस टर्मिनल से राज्य पथ परिवहन निगम (रोडवेज) की 207 नई बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस पहल को प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देते हुए 700 महिलाओं को हेलमेट भी वितरित किए। इन महिलाओं को “सड़क सुरक्षा अग्रदूत” के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई, ताकि वे आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक कर सकें।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, सांसद मंजू शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। सरकार की इस पहल से एक ओर जहां परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी, वहीं दूसरी ओर सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित