थ्रेसर की चपेट में आने से 18 वर्षीय युवती की मौत

 


अलवर, 20 सितंबर (हि.स.)। गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के भैंसडावत गांव में रविवार दोपहर खेत में बाजरा निकालते समय हुए हादसे में 18 वर्षीय सपना सैनी की मौत हो गई। सपना थ्रेसर के नीचे बिछे तिरपाल को हवा से उड़ता देख उसे ठीक करने के लिए आगे बढ़ी थी। इसी दौरान वह थ्रेसर की बेल्ट और पुली की चपेट में आ गई। हादसा इतना गंभीर था कि उसके दोनों हाथ कटकर जमीन पर गिर गए और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना रविवार दोपहर की बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार भैंसडावत निवासी तुलसीराम सैनी अपने परिवार के साथ रामबास मार्ग स्थित खेत में ट्रैक्टर-थ्रेसर से बाजरा निकाल रहे थे। तुलसीराम थ्रेसर में बाजरे की भुट्टियां डाल रहे थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य भुट्टियां लाकर दे रहे थे। सपना थ्रेसर से निकले बाजरे को एकत्र कर रही थी।

इसी दौरान थ्रेसर के नीचे बिछा तिरपाल तेज हवा के कारण बार-बार उड़ने लगा। सपना तिरपाल को ठीक करने के लिए जैसे ही थ्रेसर के पास पहुंची, वह अचानक चलती बेल्ट की चपेट में आ गई और उसका शरीर बेल्ट-पुली के बीच फंस गया।

हादसे के बाद खेत में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक सपना की मौत हो चुकी थी।

हादसे ने उस परिवार की खुशियां छीन लीं, जहां शादी की तैयारियां चल रही थीं। ग्रामीण बृजेश सैनी के अनुसार सपना और उसकी दो बड़ी बहनों की करीब दो महीने बाद देवउठनी एकादशी पर शादी होने वाली थी। घर में विवाह की तैयारियां शुरू हो चुकी थीं, लेकिन अचानक हुए हादसे से खुशियों का माहौल मातम में बदल गया।

सपना चार बेटियों और एक बेटे वाले परिवार में तीसरे नंबर की बेटी थी। बेटी की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित