होली पर और बढ़ेगी गर्मी, तीन शहरों का पारा 35 पार

 


जयपुर, 01 मार्च (हि.स.)। प्रदेश में आगामी समय में गर्मी और बढ़ेगी। होली के त्यौहार पर पारे में दो से तीन डिग्री की बढ़ोतरी की संभावना है। रविवार को प्रदेश के 17 शहरों का पारा 33 डिग्री के पार दर्ज किया गया तो वहीं तीन शहरों का पारा 35 डिग्री के पार रहा। रविवार को बाड़मेर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा।

मौसम विभाग के अनुसार बाड़मेर का अधिकतम तापमान 36.5 और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा फतेहपुर का तापमान 35.5 और जोधपुर का 35.1 डिग्री दर्ज किया गया। प्रदेश के चार शहरों का रात का पारा 20 डिग्री के पार पहुंच गया। बाड़मेर के अलावा जालोर का रात का तापमान 20.7, पाली का 20.6 और जैसलमेर का 20 डिग्री दर्ज किया गया। जयपुर के दिन के तापमान में मामूली बढ़ोतरी तो वहीं रात के पारे में 2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 32.2 और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री दर्ज किया गया। राजस्थान में समय से पहले गर्मी की दस्तक ने लोगों के पसीने छुड़ाने लगी है। प्रदेश के अधिकांश शहरों में दिनभर आसमान साफ रहा और तेज धूप रही।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि वर्तमान में राज्य के अधिकांश भागों में न्यूनतम व अधिकतम तापमान सामान्य से 2-6 डिग्री ऊपर दर्ज किए जा रहे हैं। राज्य के अधिकांश भागों में आगामी एक सप्ताह मौसम शुष्क रहने तथा आगामी दिनों में न्यूनतम व अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री बढ़ोतरी होने की प्रबल संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश