तापमान मानकों की अनदेखी पर 1550 पैकेट डेयरी उत्पाद नष्ट

 




जयपुर, 10 सितंबर (हि.स.)। शुद्ध आहार–मिलावट पर वार अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग ने जयपुर के जगतपुरा स्थित जैप्टो के डार्क स्टोर पर औचक निरीक्षण कर बड़ी कार्रवाई की। जांच के दौरान खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण में गंभीर लापरवाही सामने आई। विभागीय टीम ने करीब 1550 पैकेट डेयरी उत्पाद, 100 किलोग्राम क्षतिग्रस्त खाद्य सामग्री और 7 किलोग्राम अवधि पार खाद्य सामग्री मौके पर ही नष्ट करवा दी।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य गायत्री राठौड़ के निर्देश और खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त अविचल चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। संयुक्त आयुक्त विजय प्रकाश शर्मा की मौजूदगी में जयपुर मुख्यालय की केंद्रीय टीम ने रामनगरिया विस्तार, ए-ब्लॉक स्थित मैसर्स जे.डी.एस. मार्केटिंग के वेयरहाउस का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान कोल्ड रूम और डीप फ्रीजर में डेयरी उत्पादों के सुरक्षित भंडारण के लिए निर्धारित तापमान मानकों का पालन नहीं मिला।

मौके पर तापमान 6 से 14 डिग्री सेल्सियस तक पाया गया। इसे गंभीरता से लेते हुए सरस और अमूल के दूध, दही तथा छाछ के करीब 1550 पैकेट नष्ट करवाए गए।

वेयरहाउस में करीब 100 किलो क्षतिग्रस्त खाद्य सामग्री बिना ‘नॉट फॉर सेल’ टैग के रखी मिली। इसे भी मौके पर नष्ट करवाया गया। वहीं बिक्री के लिए रखी करीब 7 किलो अवधि पार सामग्री में मूसली, कैंडी और भुजिया शामिल थी। टीम ने इसे जब्त कर मौके पर ही नष्ट कर दिया।

निरीक्षण में खाद्य सामग्री के भंडारण से जुड़ी स्वच्छता व्यवस्था में भी कमियां सामने आईं। डार्क स्टोर और कोल्ड रूम के आसपास पान मसाला एवं जर्दा थूकने के निशान मिले।

दीवारों पर गंदगी और थूक के निशान पाए गए। खाद्य सामग्री रखने के लिए लगाए गए कई लोहे के रैक टूटे, गंदे और जंग लगे मिले।

अधिकारियों ने स्टोर प्रबंधन को खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण, तापमान नियंत्रण और स्वच्छता व्यवस्था में तत्काल सुधार के निर्देश दिए।

खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए केंद्रीय टीम ने स्टोर मैनेजर कैलाश चंद मीना की मौजूदगी में पिंटोला पीनट बटर और हनी के नमूने लिए। दोनों नमूनों को जांच के लिए राज्य केंद्रीय खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है।

जांच रिपोर्ट में मिलावट या निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित फर्म के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों के अनुसार इस डार्क स्टोर से प्रतिदिन करीब 500 ऑर्डर की डिलीवरी की जाती है। ऐसे में यहां खाद्य पदार्थों के भंडारण और स्वच्छता मानकों में मिली कमियों को विभाग ने गंभीरता से लिया है। संयुक्त आयुक्त ने स्टोर संचालक को नोटिस जारी कर व्यवस्था में तत्काल सुधार के निर्देश दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित