सड़कों के नवीनीकरण व सुदृढ़ीकरण के लिए 1400 करोड़ का प्रावधान

 


जयपुर, 26 फ़रवरी (हि.स.)। उप मुख्यमंत्री एवं सार्वजनिक निर्माण मंत्री दिया कुमारी ने विधानसभा में घोषणा की कि प्रदेश में नॉन-पेचेबल और क्षतिग्रस्त सड़कों के नवीनीकरण व सुदृढ़ीकरण के लिए वर्ष 2026-27 के बजट में 1400 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पारस्परिक प्राथमिकता के आधार पर सड़कों और पुलियाओं का चयन कर चरणबद्ध तरीके से नवीनीकरण कार्य करवा रही है।

प्रश्नकाल के दौरान विधायक राजेंद्र गुर्जर द्वारा पूछे गए पूरक प्रश्नों के उत्तर में मंत्री ने बताया कि देवली-उनियारा विधानसभा क्षेत्र में 6 सड़कों के नवीनीकरण और 15 पुलियाओं की मरम्मत के लिए 17.15 करोड़ रुपये की स्वीकृति जारी की गई है। इनमें से 2 सड़क कार्य पूर्ण हो चुके हैं, जबकि 4 कार्य प्रगति पर हैं। वर्षा और अन्य कारणों से क्षतिग्रस्त सड़कों का भी प्राथमिकता के आधार पर नवीनीकरण प्रस्तावित है।

मंत्री ने लिखित जवाब में बताया कि देवली-उनियारा क्षेत्र में कुल 52 पुलियाएं क्षतिग्रस्त हुई थीं, जिनमें से 15 कार्य स्वीकृत किए गए। इनमें 1 कार्य पूर्ण, 12 प्रगतिरत हैं। शेष 2 कार्यों स्टेट हाईवे-29 से अनवार नगर तथा गुराई से जेल रोड में से एक कार्य को निरस्त कर राशि को दूसरे कार्य में समायोजित करने की अनुशंसा की गई है।

उन्होंने सदन को बताया कि अतिवृष्टि के कारण क्षेत्र में 12 सड़कें और 52 पुलियाएं क्षतिग्रस्त हुई थीं। मरम्मत कार्यों का विस्तृत विवरण सदन के पटल पर रखा गया है। इसके अतिरिक्त एसडीआरएफ मद से भी कई सड़कों की मरम्मत करवाई गई है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सड़क अवसंरचना को सुदृढ़ बनाना सरकार की प्राथमिकता है, ताकि आमजन को बेहतर यातायात सुविधा मिल सके और विकास कार्यों को गति दी जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित