सवा लाख बेलपत्र अर्पण महोत्सव के पोस्टर का विमोचन
जयपुर, 05 अगस्त (हि.स.)। श्रावण मास के पावन अवसर पर मंदिर श्री गीता गायत्री जी द्वादश ज्योतिर्लिंग में आयोजित होने वाले शिव महापुराण एवं सवा लाख बेलपत्र अर्पण महोत्सव के पोस्टर का विमोचन बुधवार को राजस्थान के उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने किया। यह धार्मिक आयोजन 7 अगस्त से 13 अगस्त तक श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित होगा।
मंदिर के प्रवक्ता नीतीश चैतन्य चतुर्वेदी ने बताया कि आयोजन पंडित राजकुमार चतुर्वेदी के सानिध्य में होगा। महोत्सव में त्रिवेणी धाम खोजी के आचार्य राम रिछपाल दास महाराज मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे तथा जयपुर के अनेक संत-महात्माओं का सानिध्य भी श्रद्धालुओं को प्राप्त होगा।
उन्होंने बताया कि 7 अगस्त को नृसिंह मंदिर, सूरजपोल बाजार से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें 108 महिलाएं सिर पर कलश के रूप में बेलपत्र का पौधा धारण करेंगी, जबकि पुरुष श्रद्धालु शिव महापुराण की पोथी लेकर बैंड-बाजों और मंगल गीतों के साथ मंदिर श्री गीता गायत्री जी पहुंचेंगे।
मंदिर परिसर में व्यासपीठ पर विराजमान डॉ. आचार्य राजेश्वर जी महाराज श्रावण मास में भगवान शिव की महिमा का वर्णन करते हुए शिव महापुराण कथा का रसपान कराएंगे। कथा के माध्यम से दैहिक, दैविक और भौतिक कष्टों से मुक्ति का संदेश दिया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार श्रावण मास में भगवान भोलेनाथ को सवा लाख बेलपत्र अर्पित करने का विशेष धार्मिक महत्व है। इसी क्रम में 7 अगस्त से हरियाली अमावस्या तक मंदिर में प्रतिदिन बेलपत्र अर्पण का कार्यक्रम चलेगा और भगवान शिव को सवा लाख से अधिक बेलपत्र अर्पित किए जाएंगे।
आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर शिव महापुराण कथा का श्रवण करने तथा बेलपत्र अर्पण महोत्सव में सहभागी बनने का आह्वान किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश