अमृत-2.0 के तहत शहर में बिछेगी 120 किमी नई सीवर लाइन

 


जोधपुर, 20 अगस्त (हि.स.)। शहर की सीवर व्यवस्था को मजबूत करने और पुरानी सीवर लाइनों के कारण आ रही समस्याओं के समाधान को लेकर अमृत 2.0 योजना के तहत शहर में पुरानी सीवर लाइनों को बदलने के साथ-साथ ऐसे क्षेत्रों में भी नई सीवर लाइन बिछाई जाएगी। जहां वर्तमान में सीवर सुविधा उपलब्ध नहीं है। राज्य सरकार ने इस कार्य के लिए करीब 180 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की है। परियोजना के तहत शहर में लगभग 120 किलोमीटर सीवर लाइन बिछाने का लक्ष्य रखा गया है।

नगर निगम आयुक्त राहुल जैन ने बताया कि अमृत 2.0 योजना के तहत शहर की सीवर व्यवस्था को चरणबद्ध तरीके से बेहतर किया जाएगा। जिन क्षेत्रों में पुरानी सीवर लाइन क्षतिग्रस्त या जर्जर हो चुकी है, वहां उसका जीर्णोद्धार अथवा आवश्यकतानुसार नई लाइन डाली जाएगी।

वहीं सीवर सुविधा से वंचित क्षेत्रों को भी इस नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। इससे शहर में सीवर निकासी की व्यवस्था अधिक प्रभावी होने के साथ आमजन को लंबे समय में राहत मिलेगी। आयुक्त ने बताया कि इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए नगर निगम जोधपुर की ओर से निविदा आमंत्रित की गई थी। निविदा प्रक्रिया के तहत टेंडर खोला गया, जिसमें गाजियाबाद की कंपनी ईएमएस लिमिटेड की न्यूनतम बोलीदाता रही। अब नियमानुसार आगामी प्रक्रिया पूरी करने के बाद कार्य को आगे बढ़ाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि परियोजना पूरी होने के बाद शहर के विभिन्न हिस्सों में सीवर कनेक्टिविटी मजबूत होगी और सीवर से संबंधित शिकायतों में कमी आने की उम्मीद है। साथ ही पुरानी लाइनों के स्थान पर बेहतर क्षमता वाली लाइनें विकसित होने से जल निकासी व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश