ईंट भट्टा, पोल्ट्री फार्म, दुकानों व घरों में पकडे बिजली चोरी के 12 मामले
जयपुर, 07 मई (हि.स.)। जयपुर डिस्कॉम की सतर्कता शाखा ने गुरूवार को बगरू और राडावास विद्युत उपखण्ड क्षेत्र में विशेष सतर्कता जांच के दौरान ईंट भट्टा, पोल्ट्री फार्म, दुकानों एवं आवासीय परिसरों में बिजली चोरी के 12 मामले पकडे। इनमें लगभग 24 लाख 87 हजार रूपए का जुर्माना लगाया गया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (सतर्कता) महेन्द्र कुमार शर्मा ने बताया कि बगरू के ग्राम जयसिंहपुरा व पीपला भरतसिंह क्षेत्र में 6 घरेलू उपभोक्ताओं को विद्युत का अनाधिकृत उपभोग करते हुए पकडा गया। इनमें उपभोक्ताओं द्वारा मीटर के इनपुट टर्मिनल में तार जोडकर, निगम पोल की एलटी लाइन से सीधे तार जोडकर अथवा सर्विस लाइन को मीटर से पहले कट करके विद्युत चोरी की जा रही थी। टीम ने इन पर 7 लाख 83 हजार रूपए का जुर्माना लगाया है। इसी तरह राडावास के ग्राम गुलाबबाड़ी, अमरसर, मुरलीपुरा व कलवानियों की ढाणी में 6 जगहों पर विद्युत चोरी के मामले पकडे। इनमें 3 ईंट भट्टे, 1 पॉल्ट्री फार्म व 2 व्यावसायिक दुकाने हैं। टीम ने इन पर करीब 17 लाख 04 हजार रूपए का जुर्माना लगाया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर