(अपडेट) रोडवेज बस की टक्कर से दो चचेरे भाइयों की मौत, दाह संस्कार में जाते समय हुआ हादसा

 








डूंगरपुर, 10 जुलाई (हि.स.)। शहर के व्यस्त शास्त्री कॉलोनी मार्ग पर शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो चचेरे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिर गए और बस का पिछला पहिया उनके सिर के ऊपर से गुजर गया। हादसे के बाद बस चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

कोतवाली थाना के उपनिरीक्षक भरत मीणा ने बताया कि हादसा बस स्टैंड से तहसील चौराहा मार्ग पर मेवाड़ फर्नीचर के सामने हुआ। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि रोडवेज बस का साइड हिस्सा बाइक से टकरा गया, जिससे दोनों युवक संतुलन खोकर सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद बस का पिछला पहिया उनके सिर के ऊपर से गुजर गया। गंभीर चोट लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर काफी देर तक यातायात बाधित रहा।

मृतकों की पहचान खेरवाड़ा निवासी नरेश खटीक (29) पुत्र मणिलाल खटीक तथा सलूंबर निवासी गोपाल खटीक (30) पुत्र रामचंद्र खटीक के रूप में हुई है। दोनों चचेरे भाई थे। पुलिस के अनुसार इन्द्रखेत गांव में नरेश के चाचा लक्ष्मण खटीक का निधन हो गया था। दोनों अंतिम संस्कार में शामिल होने आए थे। शुक्रवार सुबह वे शव को पहनाने के लिए कुर्ते पर प्रेस करवाने डूंगरपुर शहर आए थे। वापस लौटते समय यह हादसा हो गया।

परिजनों ने बताया कि नरेश ने बीएससी की पढ़ाई की थी और वर्तमान में अपने पिता के साथ फल-फ्रूट के व्यवसाय में हाथ बंटाता था। हादसे की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। घटना के बाद बस स्टैंड से तहसील चौराहा जाने वाले मार्ग पर लंबा जाम लग गया। सूचना पर पहुंची कोतवाली थाना पुलिस ने यातायात को दूसरे मार्ग से डायवर्ट कर स्थिति सामान्य कराई।

पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फरार रोडवेज बस चालक की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। स्थानीय लोगों ने शहर के भीतर तेज रफ्तार और भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष