(अपडेट) पंचायत चुनाव में वोटिंग के बीच बवाल: कहीं प्रत्याशी से मारपीट तो कहीं फर्जी मतदान पर लाठीचार्ज

 


जयपुर, 05 नवंबर (हि.स.)। राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव के तीसरे चरण में गुरुवार को सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए मतदान के साथ कई जगह विवाद और हंगामे की घटनाएं भी सामने आईं है। कहीं फर्जी मतदान के आरोप ने माहौल गर्म कर दिया तो कहीं सरपंच प्रत्याशी के साथ मारपीट हो गई। तीसरे चरण में सरपंच के 3716 और वार्ड पंच के 34,218 पदों के लिए मतदान हो रहा है। शाम 6 बजे मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना शुरू होगी और देर रात तक परिणाम आने की संभावना है। एक बजे तक 46.15 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

दूसरी ओर लोकतंत्र के उत्सव में उम्र भी आड़े नहीं आई। टोंक में 105 साल की बुजुर्ग व्हीलचेयर पर मतदान केंद्र पहुंचीं, जबकि चित्तौड़गढ़ में पैर में फ्रैक्चर के बावजूद एक मतदाता वोट डालने पहुंचा।

सीकर की भोज्या की ढाणी पंचायत में सरपंच प्रत्याशी अरुण पारीक के साथ मारपीट का मामला सामने आया। आरोप है कि प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशी किशोर कुमार कुमावत और उसके करीब 50 समर्थकों ने उनके साथ मारपीट की। घायल अरुण को एसके अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी पत्नी ने धमकी देने, मारपीट करने और सोने की चेन तोड़ने के आरोप लगाए हैं।

जालोर के चितलवाना में फर्जी मतदान के आरोप को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। एक प्रत्याशी के समर्थकों ने दूसरे पक्ष पर फर्जी मतदान कराने का आरोप लगाते हुए मतदान केंद्र के बाहर धरना शुरू कर दिया। विवाद बढ़ने पर कुछ लोगों ने बूथ में प्रवेश कर मतदान रोकने का प्रयास किया। पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ा और करीब 12 लोगों को हिरासत में लिया।

भूपालसागर ग्राम पंचायत के मतदान केंद्र पर फर्जी मतदान के आरोप से माहौल गरमा गया। कुछ लोगों ने एक कर्मचारी पर फर्जी वोटिंग करवाने का आरोप लगाया। सूचना पर ग्रामीण बड़ी संख्या में पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। रिटर्निंग अधिकारी के पहुंचने के बाद पुलिस ने बल प्रयोग कर भीड़ को हटाया और स्थिति को नियंत्रित किया।

हनुमानगढ जिले के नोहर पंचायत समिति की रतनपुर ग्राम पंचायत में सरपंच प्रत्याशियों के समर्थक आपस में भिड़ गए। मतदान केंद्र पर भीड़ बढ़ने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को हटाया। यह मतदान केंद्र अतिसंवेदनशील बूथों में शामिल बताया गया है।

टोंक के दूनी तहसील क्षेत्र की चांदसिंहपुरा ग्राम पंचायत में 105 वर्षीय डाका देवी व्हीलचेयर पर बैठकर मतदान करने पहुंचीं। वहीं दौसा के सैंथल में 28 वर्षीय नसीबन खां ने मतदान किया, जिनकी लंबाई एक फीट बताई गई। सीकर में 96 वर्षीय लक्ष्मण कुमावत और 90 वर्षीय जोरा देवी भी मतदान केंद्र पहुंचे।

चूरू की लुदी झाबर ग्राम पंचायत में सरपंच पद के लिए एसटी वर्ग की सीट आरक्षित थी, लेकिन कोई पात्र उम्मीदवार नहीं मिला। एकमात्र नामांकन भी निरस्त हो गया। ऐसे में सरपंच पद के लिए मतदान नहीं हुआ। पंचायत के सात में से चार वार्ड पंच निर्विरोध चुने जा चुके हैं, जबकि तीन वार्ड पंचों के लिए मतदान हो रहा है।

मतदान के दौरान कई क्षेत्रों में सुबह से ही मतदाताओं की कतारें देखने को मिलीं। ग्रामीण इलाकों में चुनाव को लेकर खासा उत्साह रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित