(अपडेट) आचार संहिता से पहले राजस्थान में प्रशासनिक फेरबदल, 14 आईपीएस व 25 आरएएस के तबादले
जयपुर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। पंचायतीराज चुनावों की आचार संहिता से ठीक पहले राजस्थान सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया है। सरकार ने 14 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। इनमें चार जिलों दौसा, फलोदी, सिरोही और सीकर के पुलिस अधीक्षक भी शामिल हैं। इससे पहले सरकार ने 25 आरएएस अधिकारियों की तबादला सूची जारी की थी, यानी कुछ ही समय के अंतराल में प्रशासन और पुलिस दोनों महकमों में बदलाव किया गया है।
कार्मिक विभाग के ओर से जारी तबादला सूची के अनुसार आईपीएस योगेश गोयल को पुलिस उपायुक्त अपराध जयपुर लगाया गया है। सतनाम सिंह को पुलिस अधीक्षक एसओजी जयपुर तथा पीयूष दीक्षित को पुलिस अधीक्षक एसीबी जयपुर की जिम्मेदारी दी गई है। पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ को सातवीं बटालियन आरएसी भरतपुर का कमांडेंट बनाया गया है। वहीं कुंदन कंवरिया को दौसा, अजय सिंह राठौड़ को सिरोही और आदित्य काकड़े को फलोदी का पुलिस अधीक्षक लगाया गया है। प्रवीण नायक नूनावत को पुलिस उपायुक्त यातायात जयपुर की जिम्मेदारी दी गई है।
सरकार के इस फेरबदल को पंचायतीराज चुनावों की तैयारियों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। चुनाव की आचार संहिता लागू होने के बाद चुनाव से जुड़े अधिकारियों के स्थानांतरण पर निर्वाचन आयोग के नियम लागू हो जाते हैं और सामान्य परिस्थितियों में ऐसे तबादले नहीं किए जा सकते। ऐसे में आचार संहिता लागू होने से पहले प्रशासनिक स्तर पर अधिकारियों की नई जिम्मेदारियां तय की गई हैं।
25 आरएएस अधिकारियों पर भी कार्रवाई
आईपीएस तबादलों से पहले सरकार ने 25 आरएएस अधिकारियों की सूची जारी की थी। इनमें 10 अधिकारियों को पदस्थापन की प्रतीक्षा यानी एपीओ किया गया, जबकि 15 अधिकारियों के तबादले किए गए। सूची में अधिकांश अधिकारी उपखंड अधिकारी स्तर के बताए गए हैं।
नरेन्द्र पाल सिंह को अतिरिक्त आयुक्त सीएडी, आईजीएनपी बीकानेर से अतिरिक्त जिला कलेक्टर एवं अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट, जैसलमेर लगाया गया है। अनिल कुमार पूनिया को सचिव अजमेर विकास प्राधिकरण से रजिस्ट्रार गोविंद गुरु जनजातीय विश्वविद्यालय बांसवाड़ा नियुक्त किया गया है। सुरेश चौधरी को भू-प्रबंध अधिकारी टोंक से उपायुक्त जयपुर विकास प्राधिकरण लगाया गया है।
अवि गर्ग को उप महानिरीक्षक पंजीयन एवं मुद्रांक हनुमानगढ़ से रजिस्ट्रार जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय जोधपुर बनाया गया है। सुरेन्द्र प्रसाद को एसडीएम बसेड़ी, धौलपुर से एसडीएम नारायणपुर, कोटपूतली-बहरोड़ लगाया गया है।
सुनील शर्मा प्रथम को एसडीएम अरनोद, प्रतापगढ़ से शासन उप सचिव, सहायता विभाग जयपुर भेजा गया है।
दिनेश शर्मा को एसडीएम नारायणपुर से एसडीएम एवं उप परियोजना अधिकारी सहरिया विकास परियोजना, शाहाबाद, बारां लगाया गया है। रवि कुमार को एसडीएम हनुमानगढ़ से सहायक निदेशक लोक सेवाएं, प्रशासनिक सुधार एवं समन्वय विभाग, करौली नियुक्त किया गया है। शिव राज मीणा को एसडीएम हिंडोली, बूंदी से एसडीएम सवाईमाधोपुर लगाया गया है। कपिल कुमार को सहायक कलेक्टर सीकर से उप निदेशक, महिला एवं बाल विकास विभाग, राजसमंद नियुक्त किया गया है।
राजेश मीणा को एसडीएम आमेट राजसमंद से एसडीएम मंडावर, दौसा लगाया गया है।
ऋतुराज शर्मा को एसडीएम वैर, भरतपुर से एसडीएम एवं उप परियोजना अधिकारी, सहरिया विकास परियोजना, किशनगंज, बारां लगाया गया है।
बनवारी लाल बैरवा को सहायक कलेक्टर भादरा, हनुमानगढ़ से एसडीएम फूलियाकलां, भीलवाड़ा नियुक्त किया गया है।
धारा को सहायक कलेक्टर लक्ष्मणगढ़, अलवर से प्रोटोकॉल अधिकारी, सामान्य प्रशासन विभाग, जयपुर लगाया गया है।
श्याम सुंदर बेनीवाल को एसडीएम बदनोर से एसडीएम हनुमानगढ़ लगाया गया है।
10 अधिकारियों को पदस्थापन आदेशों की प्रतीक्षा में (एपीओ) किया गया है। इनमें अलवर नगर निगम आयुक्त लक्ष्मीकांत कटारा का नाम भी शामिल है। यह कार्रवाई गांधी जयंती के अवसर पर अलवर नगर निगम में हुए प्रोटोकॉल विवाद के बाद सामने आई। शुक्रवार को वन राज्यमंत्री संजय शर्मा नगर निगम पहुंचे थे। इस दौरान महापौर सुमनलता और निगम आयुक्त के प्रोटोकॉल में मौजूद नहीं होने को लेकर नाराजगी की बात सामने आई थी।
एपीओ किए गए अन्य अधिकारियों में एडीएम झुंझुनूं अजय कुमार आर्य, एडीएम जैसलमेर परसाराम, डूंगरपुर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हनुमान सिंह राठौड़, बारां एडीएम भंवर लाल जनागल, सवाईमाधोपुर एसडीओ मांगी लाल, बारां एसडीओ सुनील कुमार झिंगोनिया, मंडावर एसडीओ प्रियंका बड़गूजर, फूलियाकलां एसडीओ अरुण कुमार जैन और किशनगंज एसडीओ हेमंत कुमार घनघोर शामिल हैं।
पंचायतीराज चुनावों से पहले राजस्थान में लगातार हुए आरएएस और आईपीएस तबादलों ने प्रशासनिक गलियारों में हलचल बढ़ा दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित