ज़री-जरदोजी और टेक्सटाइल क्षेत्र में बढ़ाएं रोजगार के अवसर : कलेक्टर मिश्रा

 


- कलेक्टर ने की जिला निर्यात कार्ययोजना की समीक्षा

भोपाल, 04 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के भोपाल में कलेक्टर प्रियंक मिश्रा की अध्यक्षता में सोमवार को जिला निर्यात कार्ययोजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए समीक्षा बैठक हुई। बैठक में कलेक्टर मिश्रा ने ज़री-जरदोजी और टेक्सटाइल क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया।

बैठक का उद्देश्य जिले के स्थानीय उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देना तथा रोजगार के नए अवसर सृजित करना रहा। कलेक्टर मिश्रा ने स्थानीय उत्पादों, विशेषकर लघु स्तर के उत्पादन जैसे ज़री-जरदोजी की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस पारंपरिक शिल्प क्षेत्र में रोजगार की व्यापक संभावनाएं निहित हैं। उन्होंने विशेष रूप से महिला रोजगार को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि इससे स्थानीय महिला शिल्पकारों को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है।

टेक्सटाइल सेक्टर में कौशल विकास पर विशेष जोर

कलेक्टर मिश्रा ने जिले के टेक्सटाइल क्षेत्र को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने तथा युवाओं को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले के आईटीआई एवं पॉलिटेक्निक महाविद्यालयों के साथ उद्योगों के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) किए जाएं, ताकि छात्रों को उद्योगों की आवश्यकता के अनुरूप प्रशिक्षण प्राप्त हो सके।

उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों और उद्योगों के बीच इस प्रकार का समन्वय युवाओं को आधुनिक बाजार की मांग के अनुरूप दक्ष बनाएगा। इससे न केवल जिले के निर्यात में वृद्धि होगी, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई दिशा और मजबूती मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर