सिवनीः महिलाओं के सम्मान से खिलवाड़ करने वाली कांग्रेस को जनता कभी माफ नहीं करेगी-मीना बिसेन

 


सिवनी, 17 जनवरी(हि.स.)। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के कचहरी चौक में शनिवार को कांग्रेस के भांडेर विधानसभा क्षेत्र से विधायक फूल सिंह बरैया द्वारा महिलाओं के प्रति दिए गए आपत्तिजनक बयान के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने कड़ा रुख अपनाया है। भाजपा जिला अध्यक्ष सहित भाजपा महिला मोर्चा के नेतृत्व में जिला मुख्यालय के कचहरी चौक पर कांग्रेस विधायक का पुतला दहन कर जोरदार विरोध दर्ज कराया गया।

भाजपा जिला अध्यक्ष मीना बिसेन ने कांग्रेस विधायक के बयान की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि फूल सिंह बरैया का मातृशक्ति के विरुद्ध दिया गया अभद्र बयान नारी की अस्मिता पर सीधा हमला है। यह बयान कांग्रेस की महिला विरोधी सोच को उजागर करता है। भाजपा जिला अध्यक्ष ने दो टूक कहा कि नारी देवी है, राजनीतिक औजार नहीं। महिलाओं के सम्मान से खिलवाड़ करने वाली कांग्रेस को जनता कभी माफ नहीं करेगी।

उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर क्या कारण है कि कांग्रेस के नेता बार-बार समाज, धर्म और महिलाओं के खिलाफ अपमानजनक बयान देते हैं, फिर भी पार्टी का शीर्ष नेतृत्व मौन बना रहता है। कभी देश को तोडऩे की बात, कभी हिंदू धर्म के प्रति घृणा और अब महिलाओं के प्रति अपमान, फिर भी कांग्रेस नेतृत्व की चुप्पी यह साबित करती है कि ऐसे नेताओं को खुला संरक्षण प्राप्त है।

मीना बिसेन ने कहा कि यह पहला मामला नहीं है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, कमलनाथ और प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के पुराने बयानों का हवाला देते हुए कहा कि कांग्रेस में महिलाओं के प्रति अपमानजनक सोच एक स्थापित प्रवृत्ति बन चुकी है। इन नेताओं पर कोई कार्रवाई न होना कांग्रेस नेतृत्व की मूक सहमति को दर्शाता है।

उन्होंने आगे कहा कि महिलाओं तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति समाज के प्रति दूषित, विकृत और कुंठित मानसिकता केवल फूल सिंह बरैया तक सीमित नहीं है, बल्कि यह राहुल गांधी के नेतृत्व वाली पूरी कांग्रेस की सोच को दर्शाती है। सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी महिला सम्मान की बात तो करती हैं, लेकिन अपनी ही पार्टी के अपराधी मानसिकता वाले नेताओं पर चुप्पी साध लेती हैं। यह चुप्पी अब मौन नहीं, बल्कि समर्थन है।

पुतला दहन कार्यक्रम में महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष उर्मिला उईके, किरण वाहने, वंदना बैस, चंद्रकांता महोबिया, संगीता उपाध्याय, नीतू दुबे, आराधना चौरसिया, कविता शर्मा, अनीता राठौर, अंजू तेलंग, ज्योति राजपूत, नीलिमा जंघेला, नेहा सेन सहित भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष प्रेम तिवारी, मंडल अध्यक्ष अभिषेक दुबे एवं युवराज राहंगडाले सहित जिला व मंडल स्तर के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रवि सनोदिया