सागरः स्वच्छता स्वाभिमान अभियान' के अंतर्गत निकाली गई विशाल जागरूकता वाहन रैली

 


सागर, 13 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर शहर को स्वच्छता के शिखर पर पहुँचाने के उद्देश्य से सोमवार को नगर पालिक निगम सागर द्वारा 'स्वच्छता स्वाभिमान अभियान' के अंतर्गत एक विशाल जागरूकता वाहन रैली का आयोजन किया गया। इस रैली के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने और शहर को कचरा मुक्त बनाने का संदेश दिया गया।

इस अभियान की शुरुआत मुख्य अतिथियों द्वारा हरी झंडी दिखाकर की गई। कार्यक्रम में मुख्य रूप से शैलेंद्र कुमार जैन (विधायक, सागर), महापौर संगीता सुशील तिवारी नगर पालिक निगम सागर, भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री, क्षेत्रीय पार्षदगण एवं वरिष्ठ अधिकारी , इसके साथ ही शहर के विभिन्न संभ्रांत नागरिकों और गणमान्य व्यक्तियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर इस अभियान को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया।

विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने इस अवसर पर कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का स्वाभिमान होनी चाहिए। रैली का मुख्य उद्देश्य घर-घर तक यह संदेश पहुँचाना है कि गीला और सूखा कचरा अलग-अलग करें और पॉलीथीन का उपयोग बंद करें।

महापौर ने 'स्वच्छता स्वाभिमान अभियान' के जरिए सागर को प्रदेश और देश के सबसे स्वच्छ शहरों की सूची में शीर्ष पर लाने का लक्ष्य रखने की बात कही। वाहन रैली शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरी, जहाँ लोगों ने उत्साहपूर्वक इसमें हिस्सा लिया और स्वच्छता की शपथ ली।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे