सागरः मल्टीपरपज स्कूल के पूर्व छात्रों ने निकाली भव्य वाहन रैली, विधायक शैलेंद्र जैन ने किया शुभारंभ
सागर, 25 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ऐतिहासिक शैक्षणिक केंद्र सागर के प्रतिष्ठित शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (मल्टीपरपज स्कूल), जो वर्तमान में उत्कृष्ट विद्यालय (एक्सीलेंस स्कूल) के नाम से जाना जाता है, ने रविवार को अपनी स्थापना के 200 वर्ष पूर्ण कर लिए हैं। इस ऐतिहासिक द्विशताब्दी अवसर पर विद्यालय की दो शताब्दियों की समृद्ध शैक्षणिक विरासत, पुरानी मित्रता और गुरुजनों के प्रति सम्मान को समर्पित एक भव्य एवं अविराम वाहन रैली निकाली गई।
इस ऐतिहासिक आयोजन का भव्य शुभारंभ सागर विधायक शैलेंद्र जैन ने किया। उन्होंने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और विद्यालय के 200 वर्षों के गौरवमयी इतिहास की सराहना की। रैली में विभिन्न बैचों के वरिष्ठ एवं युवा पूर्व छात्रों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
पूर्व छात्रों का यह विशाल जुलूस शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों से होता हुआ आगे बढ़ा। रैली के दौरान पूरा शहर उत्सव के माहौल में डूब गया और जगह-जगह स्थानीय नागरिकों एवं व्यवसायियों ने पुष्पवर्षा कर रैली का आत्मीय स्वागत किया। बैनर, झंडों और उत्साहपूर्ण नारों के साथ पूर्व छात्रों ने सागरवासियों के सामने एक्सीलेंस स्कूल के दो सौ सालों के अतुलनीय योगदान का प्रदर्शन किया।
विविध मार्गों का भ्रमण करते हुए यह वाहन रैली शहर के हृदय स्थल तीन बत्ती चौराहे पहुंची। यहाँ एकत्रित सभी पूर्व छात्रों ने महान शिक्षाविद एवं सागर विश्वविद्यालय के संस्थापक डॉ. हरीसिंह गौर की प्रतिमा के चरणों में सादर पुष्पांजलि अर्पित की और उनके योगदान को नमन किया।
आयोजन में शामिल पूर्व छात्रों ने कहा कि मल्टीपरपज (एक्सीलेंस) स्कूल केवल एक विद्या का मंदिर नहीं, बल्कि सागर के इतिहास का अनमोल हिस्सा है। पिछले 200 वर्षों में इस संस्थान ने देश को अनगिनत प्रशासनिक अधिकारी, वैज्ञानिक, डॉक्टर, शिक्षक और जनसेवक दिए हैं। इस रैली ने न केवल दो शताब्दियों के गौरवशाली इतिहास को याद दिलाया, बल्कि पुराने सहपाठियों के बीच अटूट मित्रता और गुरुओं के प्रति अगाध श्रद्धा के पलों को फिर से जीवंत कर दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे