सागरः घोघरा वाटरफॉल में दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गए 12वीं के छात्र की डूबने से मौत

 


सागर, 02 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में महाराजपुर थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध सरईवन (घोघरा वाटरफॉल) पर रविवार को दोस्तों के साथ छुट्टी बिताने आए 17 वर्षीय छात्र की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। कड़ी मशक्कत और लगभग दो घंटे तक चले संयुक्त सर्च ऑपरेशन के बाद रेस्क्यू टीम ने छात्र के शव को बाहर निकाला।

जानकारी के अनुसार, मुआरखास निवासी ललित साहू (17वर्ष) रविवार को अपने चार दोस्तों के साथ सरईवन वाटरफॉल पर पिकनिक मनाने गया था। सभी दोस्त वाटरफॉल के पानी में उतरकर नहा रहे थे। इसी दौरान अचानक एक फिसलन भरे पत्थर से ललित का पैर फिसल गया और वह संतुलन खोकर गहरे पानी की ओर चला गया। देखते ही देखते ललित गहराई में समाने लगा। उसके साथियों ने तुरंत शोर मचाया और वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने भी उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन पानी की अत्यधिक गहराई के कारण वे ललित तक नहीं पहुंच सके और वह पानी में लापता हो गया।

घटना की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। शुरुआत में स्थानीय गोताखोरों ने अपने स्तर पर तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद महाराजपुर थाना पुलिस, स्थानीय प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। गोताखोरों और रेस्क्यू टीम ने संयुक्त रूप से वाटरफॉल के गहरे कुंड में लगभग दो घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसके बाद ललित का शव बरामद किया जा सका।

मृतक ललित साहू स्थानीय सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय में 12वीं कक्षा का छात्र था। घटना की सूचना मिलने के बाद से परिवार में कोहराम मच गया है। महाराजपुर थाना प्रभारी अजय प्रताप सिंह ने बताया कि सरईवन वाटरफॉल में डूबने से छात्र की मृत्यु की सूचना मिली थी। रेस्क्यू टीम की मदद से शव को बाहर निकालकर पंचनामा कार्रवाई की गई और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे