सागर: सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ जंग, 14 हजार से अधिक बेटियों को लगी एचपीवी वैक्सीन

 


सागर, 06 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर) के विरुद्ध चलाए जा रहे व्यापक टीकाकरण अभियान में अब तक 14,456 पात्र बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन की सुरक्षा दी जा चुकी है। यह आंकड़ा जिले के निर्धारित लक्ष्य का 58.87 प्रतिशत है।

यह जानकारी जिला पंचायत सीईओ विवेक के.वी. ने सोमवार को जिले में टीकाकरण की ब्लॉक-वार प्रगति की विस्तृत समीक्षा बैठक में दी। बैठक में उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य विभाग और संबंधित अधिकारी इस अभियान को मिशन मोड में लें। सीईओ ने निर्देश दिए कि जिले का शत-प्रतिशत लक्ष्य समय सीमा में पूरा किया जाए। कोई भी पात्र बालिका इस सुरक्षा कवच से वंचित न रहे।जिन क्षेत्रों में प्रगति धीमी है, वहां माइक्रो-प्लानिंग कर विशेष टीकाकरण सत्र आयोजित किए जाएं।

जिला पंचायत सीईओ ने अभिभावकों और शिक्षकों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि 14 से 15 वर्ष की आयु की बालिकाओं के लिए यह वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित, प्रभावी और भविष्य में जानलेवा बीमारियों से बचाने वाली है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाएं ताकि वैक्सीन को लेकर किसी भी प्रकार का भ्रम न रहे और टीकाकरण की रफ्तार को बढ़ाया जा सके।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे