संगठन और समाज के बीच मजबूत सेतु बनें मोर्चा-प्रकोष्ठ : शिवप्रकाश
-भाजपा प्रदेश कार्यालय में मोर्चा एवं प्रकोष्ठों की बैठक, सरकार की योजनाओं के प्रचार के साथ सामाजिक सुझाव सरकार तक पहुंचाने पर जोर
भोपाल, 19 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल तथा प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने गुरुवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित किया। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, समाज के विभिन्न वर्गों से संवाद बढ़ाने और केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा हुई। नेताओं ने कहा कि मोर्चा एवं प्रकोष्ठ संगठन और समाज के बीच मजबूत सेतु बनकर काम करें। सरकार की योजनाओं के प्रचार के साथ समाज से मिलने वाले सुझावों और समस्याओं को भी तथ्यात्मक जानकारी के साथ सरकार तक पहुंचाएं।
समाज के सुझावों के आधार पर तैयार करें नीतिगत प्रस्ताव : शिवप्रकाश
राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कहा कि मोर्चा एवं प्रकोष्ठ भाजपा की संगठनात्मक संरचना की महत्वपूर्ण इकाइयां हैं। इनकी जिम्मेदारी समाज के विभिन्न वर्गों को संगठन से जोड़ने और सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज से प्राप्त सुझावों को तथ्यात्मक अध्ययन और आंकड़ों के आधार पर सरकार तक पहुंचाना भी है। इसके लिए प्रत्येक मोर्चा नीति एवं शोध से जुड़ी टोली विकसित करे, जो योजनाओं और उनके क्रियान्वयन की समीक्षा कर आवश्यक सुधार के लिए प्रमाणिक सुझाव तैयार करे।
उन्होंने कहा कि मोर्चा अपने वार्षिक कार्यक्रम कैलेंडर में मेडिकल कैंप, सेवा गतिविधियों और सामाजिक जागरूकता अभियानों को शामिल करें। किसान, युवा, महिला, अनुसूचित जाति, जनजाति सहित विभिन्न वर्गों के लिए अलग-अलग डिजिटल एवं सोशल मीडिया नेटवर्क विकसित किए जाएं, ताकि उनकी जरूरतों के अनुरूप योजनाओं और जानकारियों का प्रभावी प्रचार हो सके।
शिवप्रकाश ने कहा कि संगठन की प्रभावशीलता कार्यक्रमों की संख्या से नहीं, बल्कि उनकी गुणवत्ता, तैयारी और परिणामों से तय होती है। मोर्चा पदाधिकारी सामाजिक संगठनों, वैचारिक संस्थाओं, सरकारी एवं अर्धसरकारी संस्थानों, विशेषज्ञों और प्रबुद्धजनों से निरंतर संवाद बनाए रखें। समाज में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों, प्रतिभाओं और नवाचार करने वाले संस्थानों को प्रोत्साहित एवं सम्मानित करने की पहल भी करें। उन्होंने युवा नेतृत्व विकसित करने और सिकल सेल एनीमिया, टीबी उन्मूलन, सस्ती चिकित्सा सुविधाओं, पोषण योजनाओं तथा दिव्यांगजनों के सम्मान से जुड़े सरकारी प्रयासों की जानकारी समाज तक पहुंचाने पर जोर दिया।
संगठन की प्रतिष्ठा और विश्वसनीयता बढ़ाने वाले हों प्रयास : हेमंत खण्डेलवाल
प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि संगठन की मजबूती केवल बैठकों और कार्यक्रमों से नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग के बीच निरंतर संवाद, संपर्क और सक्रिय सहभागिता से आती है। मोर्चा एवं प्रकोष्ठ अपने कार्यक्षेत्र में अधिक से अधिक लोगों को जोड़ें, उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं को समझें तथा पात्र हितग्राहियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में सहयोग करें।
उन्होंने कहा कि संगठन के विस्तार के लिए जिन क्षेत्रों में अधिक सक्रियता की आवश्यकता है, वहां विशेष ध्यान दिया जाए। कार्यकर्ताओं का प्रत्येक प्रयास संगठन की प्रतिष्ठा, विश्वसनीयता और जनस्वीकार्यता बढ़ाने वाला होना चाहिए।
खण्डेलवाल ने विभिन्न प्रकोष्ठों को उनके कार्यक्षेत्र के अनुरूप गतिविधियां बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने खेलकूद प्रकोष्ठ से मंडल एवं जिला स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित कर प्रतिभाओं को मंच देने, सांस्कृतिक प्रकोष्ठ से जिलों में वैचारिक नाट्य मंचन के लिए कलाकारों को प्रशिक्षित करने तथा सहकारिता प्रकोष्ठ से डेयरी, मत्स्य पालन और सहकारी संस्थाओं के बीच संगठन का विस्तार करने का आह्वान किया।
उन्होंने चिकित्सा प्रकोष्ठ से आयुष्मान भारत योजना के तहत पंजीकृत अस्पतालों और उपचार सुविधाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने, शिक्षा प्रकोष्ठ से निजी विद्यालयों को जोड़ने तथा स्व-सहायता समूहों के उत्पादों की ब्रांडिंग, मूल्य संवर्धन और विपणन के लिए प्रभावी व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया। व्यापारी प्रकोष्ठ से रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों सहित विभिन्न व्यापारिक संगठनों को जोड़कर व्यापक मंच तैयार करने की बात भी कही।
बूथ स्तर तक संगठनात्मक ढांचा मजबूत करें : चंद्रशेखर
प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने कहा कि संगठन को प्रदेश से बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के लिए सुनियोजित संगठनात्मक संरचना, नियमित बैठकें, प्रवास और प्रशिक्षण जरूरी हैं। सभी मोर्चा अपने कार्यक्षेत्र और सामाजिक दायित्वों के अनुसार वार्षिक कार्ययोजना एवं कार्यक्रम कैलेंडर तैयार करें। नवमतदाताओं से संपर्क के लिए प्रदेश और जिला स्तर पर विशेष टोलियां गठित की जाएं तथा पहली बार मतदान करने वाले युवाओं, विद्यार्थियों और नागरिकों से निरंतर संवाद किया जाए।
उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क, समाज के प्रभावशाली व्यक्तियों से संवाद, नीति एवं शोध तथा प्रशिक्षण को नियमित कार्ययोजना का हिस्सा बनाया जाए। मन की बात सहित पार्टी के सभी अभियानों में मोर्चा एवं प्रकोष्ठों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित होनी चाहिए।
चंद्रशेखर ने आगामी 1 से 25 दिसंबर तक आयोजित होने वाले सेवा दूत अभियान में सभी मोर्चा एवं प्रकोष्ठों से सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह अभियान जनसेवा, सामाजिक सरोकारों और संगठन विस्तार को गति देने का महत्वपूर्ण अवसर है। इसके माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं सेवा के 25 वर्षों के संदेश तथा सरकार की उपलब्धियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने स्वच्छता, नशामुक्ति, कुपोषण, टीबी और एनीमिया मुक्त भारत जैसे विषयों पर सेवा गतिविधियां संचालित करने की बात कही।
बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष एवं प्रदेश कार्यालय प्रभारी डॉ. निशांत खरे, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, मोर्चा प्रदेश प्रभारी मनोरंजन मिश्रा, प्रकोष्ठ संकुल प्रदेश समन्वयक आशुतोष तिवारी, किसान मोर्चा अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा, महिला मोर्चा अध्यक्ष अश्विनी परांजपे, अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष भगवान सिंह परमार, अनुसूचित जनजाति मोर्चा अध्यक्ष पंकज टेकाम, पिछड़ा वर्ग मोर्चा अध्यक्ष पवन पाटीदार, युवा मोर्चा अध्यक्ष श्याम टेलर, अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष इब्राहिम शेरानी और प्रकोष्ठ संकुल प्रदेश सह संयोजक अजय शर्मा सहित मोर्चों के प्रदेश महामंत्री एवं प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजक और सह संयोजक उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे