राजगढ़ःसारंगपुर को 12.54 करोड़ की सड़क परियोजनाओं की सौगात, चार मार्गों का भूमि पूजन
राजगढ़,4 जून (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के सारंगपुर विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण विकास को नई गति देने की दिशा में गुरुवार को 12.54 करोड़ रुपये से अधिक लागत की चार महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं का भूमि पूजन किया गया। प्रदेश के कौशल विकास एवं रोजगार विभाग के राज्यमंत्री गौतम टेटवाल ने विभिन्न ग्रामों में पहुंचकर निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर राज्यमंत्री टेटवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “ग्रामोदय से भारत उदय” के संकल्प और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मजबूत सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारशिला होती हैं, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, व्यापार और रोजगार के अवसर बढ़ते हैं। कार्यक्रम के तहत ग्राम पंचायत खजुरिया घाटा में बिरगड़ी- खजुरिया घाटा सड़क मार्ग (3.10 किमी) का भूमि पूजन किया गया, जिसकी लागत 426.02 लाख रुपये है। वहीं साबरस्या-मेहरी छोटी मार्ग (2.20 किमी) के लिए 269.77 लाख रुपये, सेमली लोड़ा-भूमका मार्ग (3 किमी) के लिए 354.16 लाख रुपये तथा बखेड़- काल्याखेड़ी मार्ग (2 किमी) के लिए 204.22 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। चारों परियोजनाओं की कुल लागत 1254.17 लाख रुपये (लगभग 12.54 करोड़ रुपये) है। इन सड़कों के निर्माण से हजारों ग्रामीणों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी। किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में आसानी होगी, विद्यार्थियों को स्कूल और कॉलेज जाने में सुविधा मिलेगी तथा ग्रामीणों की स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच और अधिक सुगम बनेगी।
राज्यमंत्री टेटवाल ने कहा कि ये सड़कें केवल गांवों को जोड़ने का माध्यम नहीं, बल्कि विकास, समृद्धि और आत्मनिर्भरता की नई राह खोलने वाली जीवन रेखाएं हैं। उन्होंने आगामी विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ग्रामीणों से “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत नीम, पीपल और बरगद के पौधे लगाने का भी आह्वान किया। ग्रामीणों ने सड़क परियोजनाओं के लिए सरकार का आभार व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक